जयपुर। प्रदेश में भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर सत्ता का नशा सिर चढ़कर बोल रहा है। विधायक प्रहलाद गुंजल की दादागिरी के बाद अब बूंदी जिले की नैनवां नगर पालिकाध्यक्ष की दबंगई सामने आई है।
पालिकाध्यक्ष ने नैनवां के पुलिस उपाधीक्षक को न सिर्फ धमकाया बल्कि उन्हें अपशब्द कहे। तीन महीने पुरानी 1.35 मिनट की यह ऑडियो क्लिप अब वॉट्स एप पर वायरल हुई है।
जानकारी के अनुसार यह मामला 13 सितंबर, 2014 का है, जब बूंदी जिले में धार्मिक स्थल के विवाद को लेकर कर्फ्यू लगा हुआ था। तब नैनवां नगरपालिका में भी कर्फ्यू घोçष्ात था।
पालिकाध्यक्ष ने डीवाईएसपी वीरेन्द्र जाखड़ को फोन पर कुछ महिलाओं पर पुलिस कार्रवाई की शिकायत करते हुए कहा कि पुलिस महिलाओं पर डंडे बरसा रही है। इसी के साथ उन्होंने अपशब्दों का भी प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि वर्दी पहनकर तुम क्या खुदा बन गए हो।
इस बारे में नैनवा पालिकाध्यक्ष प्रमोद जैन का कहना है कि कर्फ्यू में महिलाओं के साथ पुलिस के बर्बर बर्ताव की शिकायत पर पुलिस उपाधीक्षक वीरेन्द्र जाखड़ को फोन किया था। भावावेश में था, इसलिए गालियां दे दी होगीं, पुलिस की बर्बरता का विरोध करना मेरी जिम्मेदारी थी।
वहीं पुलिस उपाधीक्षक का कहना है कि कर्फ्यू के समय पालिकाध्यक्ष ने फोन किया था, उनका रवैया आपत्तिजनक था। अब क्लिप सामने आई है, तो इस पर मेरा कुछ भी कहना ठीक नहीं।