अजमेर, 24 जनवरी। स्मार्ट सिटी अजमेर योजना के तहत गठित कोर ग्रुप द्वारा लिए गये सुझाव एवं योजना के तहत विभिन्न आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए जल्द ही स्मार्ट सिटी का विजन डाक्यूमेंट तैयार किया जाएगा। योजना के तहत शहर के विकास एवं सामाजिक व सांस्कृतिक जरूरतों से जुड़े प्रस्ताव भी तैयार होंगे। इन सभी प्रस्तावों को योजना में शामिल किया जाएगा।
संभागीय आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी योजना कमेटी के अध्यक्ष डाॅ. धर्मेन्द्र भटनागर ने शनिवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना के लिए केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय द्वारा उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी योजना से जुड़े सभी कार्यों को क्रियान्वित करेगी।
डाॅ. भटनागर ने जानकारी दी कि स्मार्ट सिटी योजना मंे अब तक विभिन्न समूहों तथा कोर गु्रप की बैठकें सम्पन्न की गई है। इन समूहों तथा कोर गु्रप से प्राप्त सुझावों के साथ ही शहर के विकास तथा सामाजिक व सांस्कृतिक आवश्यकताओं से जुड़े प्रस्तावों को स्मार्ट सिटी विजन डाॅक्यूमेंटी में शामिल किया जाएगा। इस विजन डाॅक्यूमेंट के आधार पर योजना की डीपीआर तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना शहर के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। इसमें शहर से जुड़े सभी सरकारी विभागों के साथ ही प्रबुद्ध नागरिकों तथा संस्थाओं का सहयोग अपेक्षित है। सभी को पूरे मनोयोग से सहयोग करना चाहिए।
बैठक में अजमेर स्थापना दिवस तथा राजस्थान दिवस के उपलक्ष में विभिन्न कार्यक्रम, 22 फरवरी को फ्लावर शो तथा अन्य कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में प्रोफेसर के.सी.शर्मा, प्रोफेसर टी.के.माथुर, श्री कमलेन्द्र झा, श्री ओमप्रकाश शर्मा, श्री जगदीश वच्छानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।