जीवन शैली सुधारिए, दिल को स्वस्थ रखने की आदत जरूरी
अजमेर, 28 सितम्बर()। हृदय हमारे शरीर का वह अंग है जिसकी हर धड़कन जीवन की निरंतरता का संकेत देती है। लेकिन आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, खानपान में लापरवाही, शारीरिक निष्क्रियता, तनाव, धूम्रपान और अनियमित दिनचर्या हृदय स्वास्थ्य के लिए चुनौती बन रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि दिल की बीमारी का इलाज कराने से बेहतर है कि दिल को बीमार होने से पहले ही स्वस्थ रखने की आदत विकसित की जाए।
मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, अजमेर के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राहुल गुप्ता और डॉ. विवेक माथुर के अनुसार हृदय को स्वस्थ रखने के लिए जीवनशैली में छोटे लेकिन नियमित बदलाव बेहद महत्वपूर्ण हैं। रोजाना सक्रिय रहना, नियमित पैदल चलना या अपनी क्षमता के अनुसार व्यायाम करना, वजन को नियंत्रित रखना तथा भोजन में नमक, अतिरिक्त चीनी और अस्वास्थ्यकर वसा की मात्रा कम करना हृदय स्वास्थ्य के लिए उपयोगी है। विश्व हृदय महासंघ भी 2026 के अभियान में नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दे रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार धूम्रपान और तंबाकू से पूरी तरह दूरी, पर्याप्त नींद और तनाव को नियंत्रित करना भी जरूरी है। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कोलेस्ट्रॉल या मोटापे की समस्या होने पर नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सलाह को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। परिवार में हृदय रोग का इतिहास हो तो अपनी जोखिम स्थिति के अनुसार चिकित्सक से समय-समय पर परामर्श लेना उपयोगी है।
मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में हृदय रोगियों के लिए कार्डियोलॉजी की विशेषज्ञ सेवाओं के साथ आधुनिक जांच एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं। वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राहुल गुप्ता, डॉ. विवेक माथुर सहित सुपरस्पेशियलिटी चिकित्सकों की टीम रोगियों की समग्र देखभाल पर जोर देती है। एक ही परिसर में आवश्यक जांच, उपचार, नर्सिंग और अन्य सहयोगी सेवाएं उपलब्ध होने से मरीज एवं परिजनों को सुविधा मिलती है।
उल्लेखनीय है कि वर्ल्ड हार्ट डे के अवसर पर हॉस्पिटल में विभिन्न इन हाउस गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसमें जहां हृदयाघात होने पर रोगी को त्वरित सहायता से संबंधित प्रशिक्षण, पोस्टर प्रतियोगिता व अन्य शामिल हैं।