शहरों की तर्ज पर हो रहा गांवों का विकास- देवनानी

माकड़वाली व लोहागल में 50 लाख रुपए के सड़क कार्यों का शुभारम्भ

माकड़वाली बनेगा आईटी एवं औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र, कनेक्टिविटी भी होगी मजबूत

अजमेर, 28 सितम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सोमवार को माकड़वाली एवं लोहागल गांवों में लगभग 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़कों के निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि अजमेर शहर के साथ-साथ ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहरों की तर्ज पर गांवों को भी विकसित किया जा रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत एवं नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ मजबूत किया जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम माकड़वाली में महादेव जी के मकान से रेलवे पुलिया तक 16 लाख रुपए तथा गोपाल गुर्जर की दुकान से कुम्हार मोहल्ला तक 16 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़कों का शुभारम्भ किया। इसी प्रकार लोहागल के कुम्हार मोहल्ले में लाछी बाई के मकान से गिरधारी लाल जी के मकान तक 18 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़क का भी शुभारम्भ किया गया। इन तीनों सड़कों का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा।

श्री देवनानी ने कहा कि माकड़वाली आने वाले समय में जिले के प्रमुख आईटी एवं औद्योगिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। यहां 80 बीघा भूमि पर अत्याधुनिक आईटी पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसके समीप 114 बीघा भूमि पर वृहद इंडस्टि्रयल एरिया विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि माकड़वाली एवं आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए नौसर से माकड़वाली होते हुए पुष्कर हाईवे तक नया मार्ग विकसित किया जाएगा। इस पर करीब 24 करोड़ रुपए की लागत आएगी। उन्होंने बताया कि पिछले माह ही माकड़वाली क्षेत्र में नवसृजित पुलिस चौकी का शुभारम्भ किया गया है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।

श्री देवनानी ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। यह सेंटर जयपुर के राजस्थान कन्वेंशन सेंटर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। कन्वेंशन सेंटर में 1,400 से अधिक व्यक्तियों की बैठक क्षमता वाला अत्याधुनिक सभागार, कैफेटेरिया, रेस्टोरेंट, आधुनिक कॉन्फ्रेंस स्पेस सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि लोहागल क्षेत्र में अब तक करीब 22 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। नगर निगम के नए कार्यालय से लोहागल होते हुए नागौर हाईवे तथा स्टीफन चौराहे से माकड़वाली होते हुए नागौर हाईवे तक नई सड़क विकसित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता गांव, ढाणी और मोहल्ला स्तर तक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। बेहतर सड़क, स्वच्छता, कनेक्टिविटी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रें के नागरिकों को सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर दरियाव सिंह, अरूणा टांक, लोकेन्द्र सिंह, भगवान सिंह रावत, सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!