स्प्रिंग ऑन कैनवास कार्यशाला संपन्न

लोक कला संस्थान और शुभदा स्पेशल वर्ल्ड के सयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय स्प्रिंग ऑन कैनवास कार्यशाला में बुधवार को विशेष बच्चो के बीच कला संसार बस गया।
संस्थान के कलाकारों के सानिध्य में विशेष बच्चो ने क्ले मॉडलिंग का प्रशिक्षण लिया और अपनी स्वयं की सूझबूझ व परिकल्पना से विभिन्न कलाकृतियों का निर्माण किया वही विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने इनके साथ समय बिताया और साथ ही पेंटिंग्स बना कर विशेष बच्चो का उत्साह भी बढ़ाया। क्ले मॉडलिंग के प्रशिक्षण में बच्चो ने मिट्टी के प्रयोग से केक, फूल, पक्षी, किला, बुद्धा, रेल की पटरी आदि का निर्माण कर कला के प्रति रुझान दर्शाया जिन्हे चांदनी पाटनी, मिनाक्षी मंगल, अलका शर्मा, ऋतु शिल्पी, प्रियंका सेठी, मुस्कान जैन, अर्चना रूमपाल, शालिनी श्रीवास्तव, एलिज़ाबेथ अन्थोनी, इंदु खण्डेलवाल, सुमन शर्मा, दिव्या खत्री, नेहा कनोजिया व सीमा शर्मा ने कुशल प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर बुधवार को कला प्रदर्शनी भी आयोजित की गयी जिसमे 50 से अधिक पेंटिंग्स प्रदर्शित की गयी।
रेहान पब्लिक स्कूल, डी. बी. एन. इंग्लिश मीडियम स्कूल, प्रेसीडेंसी स्कूल, टर्निंग पॉइंट स्कूल व भगवंत यूनिवर्सिटी के सैकड़ो विद्यार्थियों सहित राहत संस्थान के योगेश गोड़, स्वामी उत्तमयति, समाजसेवक सोमरत्न आर्य, दिशा प्रकाश किशनानी के अलावा कई प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे।
लोक कला संस्थान के निदेशक संजय सेठी ने बताया की तीन दिवसीय कार्यशाला में विशेष बच्चो को संस्थान के 18 कलाकारो ने पेंटिंग, फेस पेंटिंग और क्ले मॉडलिंग का प्रशिक्षण दिया जिसके तहत बच्चो की सोच व परिकल्पनाएं निखर कर सामने आई। बच्चे रंगो के खुशनुमा संसार आनंदित नज़र आये। कई बच्चो में तीन दिन में ही काफी सुधार देखने को मिला तो कइयों ने इस प्रशिक्षण को आगे भी जारी रखने की मंशा भी जाहिर की। संस्थान के सभी कलाकारों ने शुभदा को करीब 25 स्वनिर्मित पेंटिंग्स भेट की। इन्हे व कार्यशाला में बच्चो द्वारा बनायी गयी पेंटिंग्स को प्रदर्शित करके बेचा भी जा सकेगा जिसकी आय विशेष बच्चो के लिए काम आ सकेगी।