जिले में प्रत्याशियों के लिए प्रत्याशी प्रबोधन कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन

उपखंड स्तर तक संभावित प्रत्याशियों को दी गई चुनाव प्रक्रियाओं और कानूनी प्रावधानों की जानकारी
अजमेर, 10 अक्टूबर।आगामी पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों के मद्देनजर जिले भर में संभावित प्रत्याशियों के लिए प्रत्याशी प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में जिला स्तरीय प्रबोधन कार्यक्रम सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त चुनाव प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए उपखंड स्तर पर भी संभावित प्रत्याशियों के मार्गदर्शन के लिए विशेष सत्र आयोजित किए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ अभिषेक गोयल ने बताया कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य अभ्यर्थियों का अभिमुखीकरण करना तथा चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्येक संभावित प्रत्याशी को नामांकन प्रक्रिया और कानूनी प्रावधानों की पूरी जानकारी से अवगत कराना है। सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र भरने की बारीकियों के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों को नामांकन के साथ संलग्न किए जाने वाले अनिवार्य दस्तावेजों के बारे में बताया गया। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पद के लिए घोषणा के प्रारूप, स्वच्छ शौचालय से संबंधित घोषणा, 50 रुपए के स्टांप पेपर पर दी जाने वाली घोषणा, सांख्यिकी सूचना, विभिन्न निर्धारित प्रपत्र, प्रतिभूति निक्षेप राशि, जाति प्रमाण पत्र तथा प्रस्तावक से जुड़े सभी दिशा-निर्देश साझा किए गए।
उन्होंने बताया कि प्रबोधन सत्रों में आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) की पालना को लेकर विशेष मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम तथा राजस्थान पंचायती राज अधिनियम के विभिन्न कानूनी प्रावधानों और धाराओं के बारे में प्रत्याशियों को जागरूक किया गया। इससे चुनाव प्रक्रिया के दौरान नियमों का पूर्ण पालना हो सकेगी। इस दौरान प्रत्याशियों की सुविधा के लिए उनके आपराधिक मामलों, व्यक्तिगत संपत्ति, शिक्षण योग्यता और देनदारी से जुड़े विवरणों को लेकर उठी जिज्ञासाओं का भी संतोषजनक समाधान किया गया।
उन्होंने बताया कि अभिमुखीकरण कार्यक्रम में निर्वाचन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे नाम वापसी की प्रक्रिया, मुक्त प्रतीकों के आवंटन और चुनाव खर्च के लेखा-जोखा के बारे में भी जानकारी दी गई। इस संवादात्मक कार्यक्रम के दौरान रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों तथा जिला एवं ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स ने प्रत्याशियों से सीधा संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!