ब्यावर, 13 मई। संत शिवम कृष्ण महाराज ने कहा कि वेद-पुराणों के श्रवण से मनुष्य के विचार शुभ होते हैं। सकारात्मक विचारों से ही जीवन सुखमय होता है। अच्छे विचारों से विश्व अच्छा बनेगा। वे रिको हाउसिंग कॉलोनी में लक्ष्मीचंद भंसाली परिवार की ओर से आयोजित शिव महापुराण कथा में प्रवचन दे रहे थे।
संत ने कहा कि परमात्मा से प्रेम करें। जहां प्रेम है, वहीं सुख है। ‘बिनु सत्संग विवेक न होई…’ श्लोक से समझाया कि जीवन में विवेक होना बेहद जरूरी है। जिस तरह स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन व्यायाम जरूरी है। उसी तरह परमात्मा की प्राप्ति के लिए नित्य सत्संग जरूरी है। प्रभु को पाने की चाह सभी को है मगर गलत राह में भटक रहे हैं। संत ने कहा कि विनम्रता से प्रेम बढ़ता है। अहम और वहम बहुत से संबंध बिगाड़ देते हैं। अहंकार के साथ प्रभु प्राप्ति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि रोने का सुख प्रेमी ही जानता है। सच्चा प्रेमी कभी आंसूओं का बंटवारा भी नहीं करता। लोगों को जगत दिखता है मगर परमात्मा नहीं दिखते। इंसान सांसारिक मोह-माया में फंसा है। जब संभलता है तब तक प्राण निकल जाते हैं। कथावाचक ने कहा कि संतों के बताए मार्ग पर चलने से जीवन का कल्याण हो जाता है। भटके हुए इंसान का कल्याण करने के लिए सहयोग का हाथ बढ़ाएं। देश में ऐसे लोगों की संख्या बढ़ रही है जिनमें बुद्धि तो पर्याप्त है मगर चरित्र की कमी है। ऐसे अधम लोग संसार का नुकसान कर रहे हैं। इंसान के मन में नित्य ऐसी भावना रहे कि सद्कर्म करें। दूसरों के प्रति मैत्री भाव रखें। सकल जग का कल्याण हो। जहां मैत्री भाव है वहां करुणा स्वाभाविक है। कथा में भगवान गणेश व कार्तिकेय का प्राकट्य उत्सव मनाया गया। पं.गोपाल शर्मा, अभिषेक शुक्ल, राकेश भंडारी व दिनेश शर्मा के भजनों पर श्रोता झूम उठे। कथा में लक्ष्मीचंद भंसाली, गौतम दाधीच, चंपालाल भंसाली, नरेश बंसल, सुमित सारस्वत, रामकुमार शर्मा, जयसिंह चारण, मुकेश भंसाली, सीमा दाधीच, सुशीला भंसाली, इंदु जोशी, प्रेमलता, मंजू, धर्मिष्ठा, आरती, निकिता, मिताली, पुनीत, ऋषभ सहित कई श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
आज होगी पूर्णाहुति
अर्पित भंसाली ने बताया कि शनिवार को प्रात: 9 से 11 बजे तक शिव महापुराण कथा होगी। प्रात: 11.45 बजे पूर्णाहुति कार्यक्रम में मसूदा विधायक सुशील कंवर पलाड़ा व भाजपा नेता भंवरसिंह पलाड़ा शिरकत करेंगे। पाली के संत उगमाजी गुर्जर भी भाग लेंगे।