(फ़िरोज़ खान)बारां, 4 सितम्बर। जिला प्रशासन एवं एलिम्को के तत्वावधान में रविवार को अटरू में दिव्यांग समागम शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें चिन्हित दिव्यांगों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग प्रदान किए गए।
पंचायत समिति परिसर में आयोजित शिविर में विधायक रामपाल मेघवाल ने दिव्यांगों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार आम जन के प्रति समर्पित होकर काम कर रही है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी तक आसानी से पहुंच रहा है। दिव्यांगों के कल्याण के लिए भी कई योजनाएं जारी की गई है। शिविरों के माध्यम से उन्हें लाभांवित किया जा रहा है। अधिक से अधिक दिव्यांग इन शिविरों में शामिल होकर लाभ उठाएं। अन्य लोग भी इसमें सहयोग प्रदान करें।
जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की पहल पर जिले भर में दिव्यांग समागम शिविरों का आयोजन कर उन्हें लाभांवित किया जा रहा है। इसके तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों में एलिम्को के सहयोग से शिविर लगाए जा रहे हैं। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगों का जीवन कुछ आसान होगा और वे अपने दैनिक कार्याें को ओर अधिक बेहतर व सहजता से कर सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे दिव्यांगों के कार्याें को पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता से पूरा करें।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक रामराज मीणा ने शिविर में राज्य सरकार की ओर से देय सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईएएस, आरएएस व मेडिकल आदि परीक्षाओं की तैयारी व चयन पर विभिन्न प्रकार के अनुदान की योजना प्रारंभ की गई है। इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
शिविर के दौरान 110 दिव्यांगों का पंजीयन किया गया तथा 55 को ट्राईसाईकिल, 11 को व्हील चेयर, 42 को बैसाखी, आठ को स्टिक, 38 को श्रवण यंत्र, तीन को कैलीपर्स, 20 को चिकित्सा प्रमाण पत्र, 44 को परिवहन पास, दो को भामाशाह कार्ड जारी कर नौ पेंशन प्रकरण तैयार किए गए।
शिविर में उपखंड अधिकारी रामरतन सौकरिया, विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा, तहसीलदार सहित अन्य जन प्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे। सोमवार को अंता तथा मंगलवार को छीपाबड़ौद में दिव्यांग समागम शिविर का आयोजन किया जाएगा।