अजमेर, 2 मई। जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत गत् वित्तीय वर्ष 2016-17 में 123.29 लाख मानव दिवस सृजन के लक्ष्य के विरूद्ध 143.47 लाख मानव दिवस सृजित कर 116.02 प्रतिशत उपलब्धि अर्जित की है।
जिला कलक्टर श्री गौरव गोयल ने बताया कि योजनान्तर्गत जिले में कुल 2 लाख 51 हजार 902 परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है एवं 10 हजार 394 परिवारों द्वारा 100 दिवस का रोजगार पूर्ण किया गया है। वर्तमान में कुल 1984 कार्यों पर 68 हजार 40 श्रमिक नियोजित है। उन्होंने बताया कि गत् वित्तीय वर्ष के दौरान योजनान्तर्गत कुल 23052.20 लाख का व्यय किया गया है। जिसमें से श्रम मद पर 17057.20 एवं सामग्र्री मद पर 5004.02 लाख व्यय किए गए।
जिला कलक्टर ने बताया कि आधार कार्डों की फीडिंग कार्यों के तहत योजनान्तर्गत कुल 3 लाख 87 हजार 26 रजिस्टर्ड लेबर के विरूद्ध 3 लाख 56 हजार 490 आधार कार्डों का फीडिंग किया गया है। जो कि 92.11 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि कुल कार्यरत एक्टिव श्रमिक 3 लाख 87 हजार 26 मे से 2 लाख एक हजार 405 श्रमिको का आधार बेस पेमेंट भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2018-18 में कुल 122.97 लाख मानव दिवस सृजित करने की वार्षिक कार्ययोजना तैयार की गई है। जिसमें 65 प्रतिशत कार्य प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कुल 32 हजार 637 अनुमोदित कार्य है। जिसमें पंचायत राज विभाग के 32 हजार 385 कार्य, सार्वजनिक निर्माण विभाग के 70 कार्य, जल संसाधन विभाग के 143 कार्य तथा वन विभाग के 39 कार्य स्वीकृत किए गए है।