कपड़ा बाजार आज भी बंद, 30 जून को भारत व्यापार बंद
बीकानेर 28/6/17 ( मोहन थानवी )। जीएसटी के विरोध में 27 जून से अपनी दुकानें नहीं खोल रहे कपड़ा व्यापारियों ने बुधवार को मुंह पर काली पट्टी बांध कर वाहन रैली निकाली। वहीं गुरुवार को सभी समुदायों के कपड़ा व्यापारी मिल कर कलेक्ट्रेट के सामने सरकार की सद्बुद्धि के लिए एक ओर वैदिक मंत्रों की गूंज में हवन में आहुतियां देते हुए जीएसटी का विरोध करेंगे तो दूसरी ओर कुरान पढ़कर केंद्र सरकार की व्यापार और व्यापारी विरोधी नीतियों को संशोधित करने की दुआएं करेंगे। जीएसटी के विरोध में बीकानेर के कपड़ा व्यापारियों ने 27, 28 व 29 जून को कपड़ा बाजार बंद का ऐलान किया था जिसके तहत आज दूसरे दिन भी विभिन्न कपड़ा बाजारों में कपड़े की दुकानें बंद रखी। मुंह पर पट्टी बांधकर निकाली गई वाहन रैली में बड़ी संख्या में कपड़ा व्यापारी शामिल हुए और जीएसटी लागू करने पर अपना विरोध दर्ज करवाया। रैली राजीव गांधी मार्ग से आरंभ हुई और शहर के विभिन्न मार्गों एवं कपड़ा बाजारों से गुजरती हुई कलेक्ट्रेट के समक्ष पहुंची। वहां कर्मचारी मैदान के पास सभा भी रखी गई तथा व्यापारियों ने वित्त मंत्री के विरुद्ध नारेबाजी भी की। बीकानेर कपड़ा व्यापार जीएसटी विरोध संघर्ष समिति के संयोजक संजीव अरोड़ा ने बताया कि सभा को संबोधित करते हुए बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के धनश्याम लखाणी, समिति के सत्यनारायण डागा, हरीश नाहटा, नरपत सेठिया, विजय कोचर, प्रेम खंडेलवाल आदि ने जीएसटी लागू होने पर व्यापारियों के सामने आने वाली परेशानियों को बताया एवं सरकार से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की पुरजोर मांग दोहराई। व्यापारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की हठधर्मिता के कारण बीकानेर में कपड़ा कारोबार को तीन दिन में 20 करोड़ से अधिक के लेनदेन से वंचित रहना पड़ रहा है। समिति पदाधिकारियों ने 29 जून को सभी समुदायों के कपड़ा व्यापारियों द्वारा कोटगेट से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली जाएगी। इसके बाद कर्मचारी मैदान के पास एक ओर व्यापारी सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ करेंग तो दूसरी ओर कुरान पढ़ेंगे। साथ ही 30 जून को अखिल भारतीय व्यापार उद्योग संघ के आह्वान पर भारत व्यापार बंद का समर्थन करते हुए सहयोग करेंगे। घनश्याम लखाणी ने बताया कि मंडल ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि एकजुटता प्रदर्शित करते हुए बंद को सफल बनाने में अपना योगदान दें। उपाध्यक्ष नरपत सेठिया, रघुराज सिह, सुरेंद्र पटवा, मोहनलाल राठी, मोतीलाल सेठिया, रतनलाल सोमाणी, हेतराम गौड़, मक्खनलाल अग्रवाल, वेदप्रकाश अग्रवाल, राजेंद्र डिडवानिया, जयकिशन अग्रवाल, विजय रांका, सत्यनारायण डागा, संजीव अरोड़ा, हरीश नाहटा, गौरीशंकर अग्रवाल, विजय कोचर आदि ने भी अपना समर्थन दिया है। वहीं ऑल इंडिया दाल मिल्स एसोसिएशन, इंदौर के आह्वान पर बीकानेर दाल मिल्स एसोसिएशन ने भी जीएसटी के विरोध में बीकानेर में 30 जून को दाल हड़ताल पर रहने की घोषणा की है। बीकानेर दाल मिल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नृसिंहदास मिमाणी ने बताया कि इस दिन सभी दाल मिलर्स अपने-अपने प्रतिष्ठान को बन्द रखेंगे। श्री बीकानेर कच्ची आढ़त संघ व्यापार संघ ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के नाम ज्ञापन भेजा है। संघ के चेतराम थालोड़, गोपालराम जाखड़, मोतीलाल सेठिया, जयनारायण व्यास, मनोहर लाल सियाग, नंदकिशोर राठी आदि पदाधिकारियों ने भी 30 जून को बंद का समर्थन करते हुए 1, 2 व तीन जुलाई को राजस्थान की 247 मंडियां बंद रहने का ऐलान किया है।