सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण कर शून्य पेंडेंसी का लक्ष्य हासिल करें
बजट घोषणाओं के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
पुष्कर मेले की तैयारियां समय पर पूरी करने एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
अजमेर, 10 नवम्बर। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में बजट घोषणाओं के तहत प्रगतिरत विकास कार्यों, राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों तथा पुष्कर मेला-2026 की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बजट घोषणाओं के तहत प्रगतिरत विकास कार्यों को इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं के तहत शुरू होने वाले कार्यों की प्रक्रिया भी वर्ष के अंत तक पूरी कर निर्माण कार्य प्रारम्भ किए जाएं।
उन्होंने डिस्कॉम को नए जीएसएस तथा चिकित्सा विभाग को नए स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया इसी वर्ष पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत 68 तथा वर्ष 2026-27 के तहत 69 कार्यों को इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर कार्यों की गति बढ़ाने तथा जिला स्तर पर अपेक्षित कार्यवाही के लिए मुख्यालय के निरंतर सम्पर्क में रहने को कहा। साथ ही बजट घोषणाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति पोर्टल पर नियमित अपडेट करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुसुम योजना, नए 11 केवी फीडर स्थापित करने एवं फीडरों के सेग्रीगेशन, लाडो प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री कृषक योजना तथा तारबंदी योजना के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन, शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा भवन रहित स्वास्थ्य संस्थाओं के लिए भवन चिन्हित करने एवं निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर विद्यार्थियों की उपस्थिति जांचने तथा ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना आवश्यक है।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अटल प्रगति पथ, जल जीवन मिशन, अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना, नमो ड्रोन, दीदी सोलर योजना, लखपति दीदी, कृषि सखी एवं मिशन हरियालो अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा किए गए पौधारोपण की जानकारी भी संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग शून्य पेंडेंसी का लक्ष्य लेकर कार्य करें। उन्होंने अजमेर विद्युत वितरण निगम, अजमेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, चिकित्सा विभाग, पंचायती राज विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग में अधिक लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का निस्तारण करवाने तथा पुराने एवं अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने पुष्कर मेला-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, पशुपालकों एवं पर्यटकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने पुष्कर सरोवर के घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित कार्य अग्रिम रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संपूर्ण मेला क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।