पूर्व सैनिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलवाना सुनिश्चित किया जाए

जिला सैनिक बोर्ड की बैठक आयोजित

IMG-20170707-WA0015बीकानेर, 7 जुलाई। जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने कहा कि पूर्व सैनिकों को उनके कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं का समय पर लाभ दिलवाना सुनिश्चित किया जाए। जिला कलक्टर शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सैनिक बोर्ड की बैठक गुप्ता की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करवाया जाए। गुप्ता ने कहा कि सैनिक विश्रामगृह में वन महोत्सव के तहत ट्रीगार्ड लगवाकर पौधारोपण किया जाए, जिससे यहां के सौन्दर्य में अभिवृद्धि हो सके
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल बी. के. मजूमदार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों व उनकी विधवाओं को कृषि विद्युत कनेक्शन देने में तीन वर्ष की प्राथमिकता का प्रावधान दिया गया है परन्तु अनेक पूर्व सैनिकों के इस सम्बन्ध में प्रकरण लम्बित हैं, इस पर जिला कलक्टर ने ऎसे प्रकरणों की तथ्यात्मक जानकारी देने के निर्देश दिए, जिससे आवश्यक कार्यवाही की जा सके। रक्षा पेंशनरों को मिलने वाले विविध लाभों के संबंध में, रक्षा मंत्रालय व केन्द्रीय सैनिक बोर्ड द्वारा मांगी गई जानकारी की सूचना बैंंकों द्वारा उपलब्ध नहीं करवाए जाने पर, लीड बैंक अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही में सहयोग देने के निर्देश दिए गए।

जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक आर के सेठिया ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम व भामाशाह रोजगार सृजन योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक पूर्व सैनिकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा, अधिक जानकारी के लिए वे जिला उद्योग केन्द्र में संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में उपायुक्त उपनिवेशन ए एच गौरी, पूर्व सैन्य अधिकारी ले. कर्नल देवनाथ सिंह, मेजर असलम अली, एल एन वर्मा, प्रभु सिंह शेखावत, डीईओ माध्यमिक के के मुद्गल, निगम के राजस्व अधिकारी अशोक कुमार, लीड बैंक अधिकारी जितेन्द्र माथुर, अशोक गोस्वामी सहित अनेक पूर्व सैनिक मौजूद थे।

एमजेएसए द्वितीय चरण के तहत 3 हजार 628 कार्य पूर्ण
बीकानेर, 7 जुलाई। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के द्वितीय चरण की प्रगति समीक्षा हेतु शुक्रवार को कलेक्टे्रट सभाागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सम्बन्धित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व विकास अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जलग्रहण अधीक्षण अभियंता भागीरथ विश्नोई ने बताया कि एमजेएसए द्वितीय चरण के तहत 3 हजार 783 कार्यों की डीपीआर के तहत अब तक 3 हजार 778 कार्य प्रारम्भ किए जा चुके हैं तथा इनमें से 3 हजार 628 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि एमजेएसए द्वितीय चरण के तहत शेष रहे कार्यों को, श्रमिक संख्या बढ़ाकर समय पर पूरा किया जाए। उप वन संरक्षक आसुसिंह ने वर्षा ऋतु के दौरान प्रस्तावित वृक्षारोपण की तैयारियों की जानकारी दी।

बैठक में सहायक निदेशक कृषि जयदीप दोगने, जिला परिषद अधिशाषी अभियंता सुरेश खत्री, विकास अधिकारी बीकानेर कैलाश चौधरी उपस्थित थे।

वन महोत्सव 10 जुलाई को
बीकानेर, 7 जुलाई। 10 जुलाई को आयोजित होने वाले वन महोत्सव के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
उप वनसंरक्षक आसुसिंह ने बताया कि जिला स्तरीय वन महोत्सव, एमजेएसए के कार्यस्थल मरूधरा बॉयोलोजिकल पार्क बीछवाल में आयोजित किया जाएगा। ब्लॉक स्तरीय वन महोत्सव श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित होगा। साथ ही नोखा, देशनोक, कोलायत में भी वन महोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला, ब्लॉक एवं पंचायत मुख्यालयों पर वन महोत्सव के तहत रैली , प्रश्नोत्तरी, निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के स्थलों पर प्राथकिता से पौधारोपण किया जाएगा। वन महोत्सव के सम्बन्ध में वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है तथा पौधारोपण हेतु खड्डे खुदवाने तथा पौधों की आवश्यकतानुसार व्यवस्था समय रहते किए जाने हेतु सम्बन्धित प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं।

राजस्व लोक अदालत अभियान 15 जुलाई तक बढ़ाने के आदेश

बीकानेर, 7 जुलाई। संभागीय आयुक्त सुवालाल ने संभाग के सभी जिलों के कलक्टर्स को आदेश जारी कर राजस्व लोक अदालत अभियान न्याय आपके द्वार को 15 जुलाई तक बढ़ाने को कहा है।
आदेशानुसार 8 मई से 30 जून तक चले अभियान के तहत जिन ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर अपरिहार्य कारणों से शिविर आयोजित न हो सके हों या शिविर का सही ढंग से आयोजन न हो सका हो तथा लम्बित प्रकरणों की तुलना में कम संख्या में प्रकरणों का निस्तारण हुआ हो, ऎसे स्थानों का चयन कर शिविर आयोजित कर प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाए।

राजस्व अधिकारियों की मासिक बैठक 17 को
बीकानेर, 7 जुलाई। राजस्व अधिकारियों की मासिक बैठक 17 जुलाई को कलक्टे्रट सभाकक्ष में दोपहर तीन बजे से आयोजित होगी। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) यशवंत भाकर ने यह जानकारी दी।

जामसर व कतरियासर में आयोजित होगी मोबाईल कोर्ट
बीकानेर, 7 जुलाई । जिले के जामसर व कतरियासर में मोबाईल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय ने बताया कि 10 जुलाई को जामसर में तथा 17 जुलाई को कतरियासर में प्रातः 10 बजे से मोबाईल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा।

error: Content is protected !!