बीकानेर, 24 अगस्त। वेटरनरी विश्वविद्यालय की बी.वी.एस.सी. एण्ड ए.एच. 2017 चतुर्थ वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. जी.सी. गहलोत ने बताया कि इस परीक्षा की अस्थाई वरीयता सूची के प्रथम पांच स्थानों में से 4 पर वेटरनरी कॉलेज, बीकानेर के छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाया है। बीकानेर कॉलेज की पूजा सोलंकी ने मेरिट में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसी कॉलेज की शाहिस्ता सरीन लोधी ने दूसरा और निष्ठा यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया है। मेरिट में चौथे स्थान पर अरावली वेटरनरी कॉलेज, सीकर के रोहित कुमार शर्मा तथा पांचवें स्थान पर वेटरनरी कॉलेज, बीकानेर की नेहा शर्मा रही है। परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।