बीकानेर, 10 जनवरी। ‘परस्पर संवादात्मक स्कूली वचनबद्धता’ (आइएसइ) के तहत बुधवार को बिन्नाणी कन्या महाविद्यालय में ‘इलेक्शन क्विज कंपीटिशन’ आयोजित हुई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल गुप्ता ने कहा कि आइएसइ का मुख्य उद्देश्य भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना है। इसके तहत विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में जागरुकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग निर्देशानुसार 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके प्रत्येक युवा का नाम मतदाता सूची में जुड़े, इस दिशा में गंभीरता से कार्य हो। इसमें शिक्षण संस्थान प्रबंधकों की भूमिका भी महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी।
इससे पहले जिला कलक्टर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। कॉलेज प्राचार्या डॉ. चित्रा पंचारिया ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित ने किया। इस दौरान वीवीपैट से संबंधित डाक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई।
क्विज कंपीटिशन में छात्राओं ने निभाई भागीदारी
इस दौरान आइएसइ से संबंधित क्विज कांपीटिशन आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में साक्षी, चित्रा गौड़ एवं शोभा सुथार के ग्रुप ने प्रथम, अनुराधा आचार्य, खुशबू माथुर एवं करीना के ग्रुप ने द्वितीय तथा पारूल शर्मा, अनुप्रिया तथा आयुषी के ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पारूल व्यास, प्रियंका चौधरी, ईशा व्यास तथा पृथ्वी पुरी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
—–
औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर गुरूवार को
बीकानेर, 10 जनवरी। राजस्थान वित्त निगम की ओर से चौपड़ा कटला स्थित निगम कार्यालय में गुरूवार को औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रबंधक पी एल वर्मा ने बताया कि शिविर में निगम की ऋण योजनाओं से युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना व गेस्ट हाउस ऋण योजना पर विशेष जानकारी देते हुए ऋण आवेदन तैयार करवाए जाएंगे।
—-
एम एस कॉलेज में उद्यमिता व रोजगार मेला 23 जनवरी को
बीकानेर, 10 जनवरी। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तत्वावधान् में राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में 23 जनवरी को उद्यमिता व रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। प्राचार्य डॉ उमाकांत गुप्त ने बताया कि मेले का उद्देश्य महाविद्यालय की छात्राओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है। मेले में बैंक, बीमा सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के संस्थानों को आमंत्रित किया गया है। इच्छुक छात्राओं को महाविद्यालय में अपना पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण निःशुल्क किया जाएगा। मेले में कौशल विकास के विभिन्न पहलुओं की भी जानकारी दी जाएगी। इच्छुक छात्राएं व औद्योगिक संस्थान आयोजन प्रभारी डॉ रंजन सक्सेना से 94142-65434 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
—–
साक्षात्कार में सफल हुए उम्मीदवार आमंत्रित
बीकानेर, 10 जनवरी। नागौर रैली जुलाई 2017 में सैनिक हवलदार एजुकेशन के लिए साक्षात्कार में सफल हुए सभी उम्मीदवारों को 12 जनवरी को सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनूं में मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना है। भर्ती निदेशक कर्नल देबराज पात्र ने यह जानकारी दी।
—–
मेला समिति की बैठक 11 को
बीकानेर, 10 जनवरी। जिला मेला समिति की बैठक का आयोजन जिला कलक्टर अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में 11 जनवरी को सायं 4.30 बजे कलक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा।
—–
ऊंट उत्सव से सम्बंधित तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश
बीकानेर, 10 जनवरी। पच्चीसवें अन्तर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव से सम्बंधित विभिन्न तैयारियों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा ने बताया कि उत्सव तथा हैरिटेज वॉक के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा व बैठने इत्यादि की व्यवस्थाओं के लिए सम्बंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। उत्सव के दूसरे दिन 14 जनवरी को प्रातः 8 बजे से रामपुरिया हवेली से बीकाजी की टेकरी तक हैरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा। मोहता चौक, नाइयों की गली, सब्जी बाजार, चाय-पट्टी, घूमचक्कर, लक्ष्मीनाथजी की घाटी से होकर निकलने वाली इस वॉक से पहले नगर निगम को सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वॉक के दौरान पर्यटकों की सुविधा के लिए ट्रेफिक व्यवस्था चाक चौबंद रखने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए पुलिस विभाग को पत्र लिखा गया है। उत्सव के दौरान बैठने इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उपखंड अधिकारी बीकानेर को यूआइटी के साथ समन्वय कर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रेवल, होटल एवं गाइड एसोसिएशन के साथ हुई बैठकें
ऊंट उत्सव के संबंध में बुधवार को पर्यटक स्वागत केन्द्र में ट्रेवल, होटल एवं गाइड एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। सहायक पर्यटन अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह ने बताया कि इस दौरान सभी एसोसिएशन के पदाधिकारियों को उत्सव की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न संगठनों के प्रभारियों को हैरिटेज वॉक सहित उत्सव के दौरान अधिक से विदेशी पर्यटकों की भागीदारी के लिए आह्वान किया गया है।
—–
गणगौर मेला और अक्षय तृतीया को रहेंगे स्थानीय अवकाश
बीकानेर, 10 जनवरी। जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने वर्ष 2018 के लिए दो स्थानीय अवकाश घोषित किए हैं। आदेश के अनुसार 20 मार्च मंगलवार को गणगौर मेला तथा 18 अप्रैल बुधवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा।