जयपुर। शहर में खस्ता हाल सफाई व्यवस्था को लेकर गुरूवार को नगर निगम के बाहर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के बाहर मेयर ज्योति खंडेलवाल के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने निगम के परिसर में कचरे की थैलियां फेंक दी। इस पर पुलिस ने उनको रोकने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने और उन्होंने नगर निगम के सीईओ पर भी कचरे की थैलियां फेंक दी।
इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो कार्यकर्ता और उग्र हो गए और उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई गाड़ियों के शीशे टूट गए।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच इस झड़प में कई कार्यकर्ता चोटिल हो गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दीवाली आने वाली है लेकिन शहर में जगह-जगह गंदगी पड़ी है।
नगर निगम सफाई नहीं करवा रहा है। गौरतलब है कि नगर निगम ने सफाई का ठेका एक निजी कंपनी को दे रखा है लेकिन कंपनी के कर्मचारियों पर वाल्मिकी समाज के लोगों के हमले के कारण वह अपना काम नहीं कर पा रही है।