केकड़ी
दो दिवसीय जिला शारीरिक शिक्षा शिक्षक (माध्यमिक शिक्षा) वाकपीठ संगोष्ठी का समापन समारोह संसदीय सचिव राजस्थान सरकार एवं विधायक केकड़ी शत्रुघ्न गौतम के मुख्य आतिथ्य एवं केकड़ी नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल की अध्यक्षता में सम्पन्न। इस अवसर पर समारोह के विशिष्ट अतिथि क्षेत्र प्रमुख अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ बजरंग प्रसाद मजेजी, डायरेक्टर मंगलम एजेन्सी मारवाड़ जंक्शन लक्ष्मीनारायण एवं प्रधानाचार्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अजमेर शिव गौतम रहे। मुख्य अतिथि गौतम ने भावी पीढ़ी को स्वस्थ, संस्कारित और शिक्षित बनाने में शारीरिक शिक्षकों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि योग शिक्षण से बालकों को निरोग बनाने में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण है। बजरंगप्रसाद मजेजी ने शारीरिक शिक्षकों को बालकों के सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। अशोक कुमार सिंहल प्रधानाचार्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, केकड़ी ने स्वागत उद्बोधन दिया। वाक्पीठ अध्यक्ष बिरदीचन्द वैष्णव ने वाक्पीठ का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर इस शिक्षा सत्र में सेवा निवृत्त होने वाले वरिष्ठ शारीरिक शिक्षकों बिरदीचन्द वैष्णव, रामकरण गुर्जर, जगन्नाथ खटीक, किशनलाल चौधरी, सुरेन्द्रसिंह, भंवरलाल सेन, श्री मोहम्मद इब्राहिम का माल्यार्पण, साफा, स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। सभी अतिथियों एवं शारीरिक शिक्षकों ने बिरदीचन्द वैष्णव द्वारा दी गई अप्रतिम सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उनके कृतित्व को शिक्षा जगत के लिए प्रेरक बताया। अनिल मित्तल नगर पालिका अध्यक्ष ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, सर्वांगीण विकास, नामांकन वृद्धि में शारीरिक शिक्षकों के योगदान को सराहा।शजेन्द्रप्रसाद शर्मा, सुरेश शर्मा, अनिल शर्मा, रतन चौधरी ने विभिन्न विषयों पर वार्ताएं दी। छात्रा गरिमा राव ने शिव ताण्डव स्त्रोत पर नृत्य की मनोरम प्रस्तुति दी। ईद मोहम्मद वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक ने आभार प्रदर्शित किया। समारोह का संचालन बिहारीदान चारण ने किया।