शिवनगर में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा
बीकानेर, 19 अगस्त। संसदीय सचिव डाॅ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई विराट व्यक्तित्व के धनी थे। देश के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
डाॅ. मेघवाल रविवार को शिवनगर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अटलजी का निधन पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सदैव देश के लिए जिए। आज भारत सहित अनेक देशों ने उनके प्रति संवेदना प्रकट की है। कई देशों ने उनके सम्मान में अपने राष्ट्रीय ध्वज झुकाए हैं। राजनीति में ऐसे लोग विरले ही होते हैं। उन्होंने कहा कि युवा जनप्रतिनिधियों को वाजपेई के आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए। डाॅ. मेघवाल ने कहा कि अटलजी ने भारत को परमाणु सम्पन्न देश बनाया। राजनीति को देश सेवा का माध्यम माना। उनके कार्यकाल में विदेशों में भी भारत का गौरव बढ़ा।
संसदीय सचिव के प्रवक्ता राकेश सहोत्रा ने बताया कि इससे पहले अटलजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा दो मिनट का मौन रखते हुए उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर शिवनगर सरपंच कमल सिंह, पूर्व सरपंच शंकर सिंह, भूरसिंह, पूर्व सरपंच खेत सिंह, किशन सिंह राजपुरोहित, प्रताप सिंह, पूर्व सरपंच गंगासिंह, अल्लाह यार, नरपतसिंह, सवांईसिंह तथा भंवरदास स्वामी आदि मौजूद थे।
सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
इस अवसर पर संसदीय सचिव ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सुख-दुःख में वे सदैव भागीदार रहे हैं। आगे भी वे क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के नेतृत्व में प्रदेश में अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की गई हैं। खाजूवाला को भी इनका भरपूर लाभ मिला है। क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में वृद्धि हुई है। स्कूलों का क्रमोनयन तथा चिकित्सा संस्थानों में सुविधाओं की वृद्धि के क्षेत्र में यह दौर ऐतिहासिक रहा है। बिजली, पानी तथा सड़क क्षेत्र में सुदृढ़ीकरण हुआ है। समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संपर्क हैल्पलाइन की सुविधा प्रारम्भ हुई। इससे आमजन को लाभ हुआ है। दूसरे प्रदेश भी हमारी इस व्यवस्था का अनुसरण कर रहे हैं।