शिव कॉलोनी में सड़क नाली निर्माण का शिलान्यास

अजमेर, एक सितम्बर। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिता भदेल ने शनिवार को अजमेर दक्षिण विधान सभा क्षेत्र के शिव कॉलोनी क्षेत्र में लगभग 14 लाख की राशि से निर्मित होने वाले सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

शिलान्यास समारोह में श्रीमती भदेल ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाए उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिज्ञाबद्ध है। सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है। इसके द्वारा आम जन को सुविधाएं देेने के लिए पर्याप्त मात्रा में व्यय किए जा रहे है। अजमेर दक्षिण विधानसभा में विभिन्न माध्यमों से करोड़ों के कार्य किए जा रहे है। अप्रेल माह में स्थानीय नागरिकों की मांग से पूर्व ही शिव कॉलोनी में नया घर, गुलाबबाड़ी से कल्याणीपुरा रोड़ तक सड़क नाली निर्माण का कार्य विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कोष से स्वीकृत किया जा चुका था। इस पर 13 लाख 90 हजार रूपये व्यय होंगे। विधायक कोष से एक मुश्त स्वीकृत यह राशि क्षेत्र के प्रति जवाबदेही का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यो की गंगा अनवरत जारी रहेगी। भविष्य में गुलाबबाडी रेलवे फाटक पर भी ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। क्षेत्र के इस विकास को जनता के द्वारा अहमियत दी जा रही है। यह नागरिकों के परिपक्व होने का सबूत है। सरकार गरीबों एवं वंचित वर्ग के व्यक्तियों को ऊपर उठाकर स्वावलम्बी बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विद्यालयों में पर्याप्त स्टाफ लगाया गया है। नये विषय खोलने तथा बेहतर पढाई होने से शिक्षा के स्तर तथा नामांकन में वृद्धि हुई है। इसके साथ ही व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं से समस्त वगोर्ं को लाभान्वित करने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आंगनवाडी केन्द्रों पर पंजीकृत गर्भवती, धात्री महिलाओं एवं बच्चों को दूध पाउडर उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता श्री राजेन्द्र कुड़ी, पूर्व पार्षद श्री हेमन्त सांखला, श्री बलराज कच्छावा, श्री राजेश घाटे, श्री सम्पत भाटी, श्री राकेश सेठी, श्रीमती सीमा गोस्वामी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

error: Content is protected !!