केकड़ी में तेजा मेला 11 से 20 सितम्बर तक

अजमेर, 06 सितम्बर। केकड़ी नगर पालिका के द्वारा तेजा मेले का आयोजन 11 से 20 सितम्बर तक किया जाएगा।
केकड़ी नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह रलावता ने बताया कि लोक देवता तेजाजी महाराज की पावन स्मृति में आगामी 11 से 20 सितम्बर तक तेजा मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का झण्डारोहण मंगलवार भाद्रप्रद शुक्ल द्वितीय को प्रातः 8.15 बजे किया जाएगा। कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच प्रातः 10.15 बजे आयोजित होगा। प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से 12 बजे तथा दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक नियमित कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित होगी। कबड्डी प्रतियोगिता का समापन सोमवार 17 सितम्बर को प्रातः 11 बजे होगा। बुधवार 19 सितम्बर को दोपहर 2 बजे मुख्य उत्सव तेजा दरबार एवं पगड़ी बंधन पारितोषिक समारोह आयोजित होगा। मेले के दौरान सायं 7 बजे 11 सितम्बर को एकल गायन, 12 सितम्बर एकल नृत्य, 13 सितम्बर को महिला मण्डल की प्रस्तुति, 14 सितम्बर को सामुहिक नृत्य, 15 सितम्बर को फेंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार रात्रि 8 बजे 16 सितम्बर को कवि सम्मेलन, 17 सितम्बर को राजस्थानी नृत्य, 18 सितम्बर को सांस्कृतिक कार्यक्रम श्वेता प्रियदर्शनी एवं महेन्द्र अलबेला द्वारा प्रस्तुत किए जाएंगे। तेजाजी का मारवाड़ी खेल 19 एवं 20 सितम्बर को रात्रि 8 बजे होगा।

विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम
37 लाख 59 हजार रूपये के 12 कार्य स्वीकृत
अजमेर, 06 सितम्बर। विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत किशनगढ़ विधायक श्री भागीरथ चौधरी तथा मसूदा विधायक श्रीमती सुशील कंवर की अनुशंषा पर 12 कार्याे के लिए 37 लाख 59 हजार रूपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है । जिला कलक्टर आरती डोगरा ने बताया कि स्वीकृत कार्यो में अरांई के ग्राम ढसूक मालपुरा रोड पर आदर्श कुए के पास सार्वजनिक खुला तिबारा निर्माण कार्य के लिए 3 लाख रूपए, अरांई के ग्राम लक्ष्मीपुरा में सार्वजनिक स्थल पर कबूतरखाना निर्माण कार्य के लिए 2 लाख रूपए तथा अरांई ग्राम बहेडा देवनारायण मन्दिर के पास सार्वजनिक खुला तिबारा निर्माण कार्य के लिए 5 लाख रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई।
उन्होंने बताया कि बिजयनगर में नारायण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिजयनगर प्रार्थना सभा मैदान पर टीनशैड निर्माण कार्य के लिए 10 लाख 9 हजार रूपए, ग्राम राजपुरा में खुला तिबारा ग्राम पंचायत कुम्हारिया में 2 लाख रूपए, ग्राम भाम्बियों का बाड़िया मेघवाल मौहल्ले में खुला तिबारा निर्माण कार्य के लिए 2 लाख रूपए, ग्राम सालरमाला में माताजी के स्थान के पास खुला तिबारा निर्माण कार्य के लिए 2 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम रेल का बाड़िया स्कूल के पास खुला तिबारा निर्माण कार्य के लिए 2 लाख रूपए, ग्राम रामपुरा में शिव मन्दिर के पास खुला तिबारा निर्माण कार्य के लिए 2 लाख 50 हजार रूपए, भिनाय की ढाणी एकलसिंगा में खुला तिबारा निर्माण कार्य के लिए 2 लाख रूपए, ग्राम गणेशपुरा में सार्वजनिक हथाई पर खुला तिबारा निर्माण के लिए 2 लाख 50 हजार रूपए तथा ग्राम हीरापुरा में कुम्हार मौहल्ला में जुझार जी के स्थान के पास खुला तिबारा निर्माण कार्य के लिए 2 लाख रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।

भामाशाह डिजिटल परिवार योजना के शिविर 7 सितम्बर से
अजमेर, 6 सितम्बर। राज्य सरकार की प्रत्येक पात्र परिवार को डिजिटल की ताकत पहुंचाने के लिए स्मार्ट फोन एवं इन्टरनेट कनेक्शन के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की भामाशाह डिजिटल परिवार योजना के शिविर जिले में शुक्रवार 7 सितम्बर से आरम्भ होंगे।
जिला कलक्टर आरती डोगरा ने बताया कि राज्य सरकार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में शामिल समस्त राशन प्राप्त करने वाले परिवारों को भामाशाह डिजिटल परिवार योजना के तहत लाभान्वित कराने के लिए 7 सितम्बर से शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में लाभार्थियों को मोबाइल फोन एवं सिम तथा प्लान उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्रथम चरण में ग्राम पंचायत घूघरा में कायड़ चौराहा तथा दौराई के ग्राम पंचायत भवन में यह शिविर आयोजित होंगे।

पटाखों की ब्रिकी की अस्थायी अनुज्ञा के लिए आवेदन आमंत्रित
अजमेर, 6 सितम्बर। जिले में आगामी दीपावली त्यौहार के अवसर पर पटाखों की बिक्री के लिए अस्थायी अनुज्ञा पत्र जारी किए जाएंगे। इसके लिए 13 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट आरती डोगरा ने बताया कि अजमेर शहर के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर तथा अन्य स्थानों के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय से निर्धारित राशि में आवेदन प्राप्त किया जा सकता है। पूर्णत भरे हुए तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र 13 सितम्बर तक आवेदन प्राप्ति स्थान पर जमा करवाए जा सकते है। आवेदन पत्र के साथ दो रूपए का कोर्ट फीस स्टाम्प, 50 रूपए के नॉन ज्यूडिशियल स्टाम्प पर नोटेरी प्रमाणित शपथ पत्र, प्रस्तावित व्यपार स्थल का साईड प्लान, भरे हुए अग्निशमन यंत्र की रसीद तथा पूर्व में प्राप्त अस्थायी अनुज्ञा पत्रों की प्रतिलिपियां संलग्न की जाएगी।

प्रतिभा सम्मान समारोह 9 सितम्बर को
अजमेर, 06 सितम्बर। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष श्री कैलाश मेघवाल के मुख्य आतिथ्य में मेघवाल शिक्षा शोध संस्थान कायड़ में 9 सितम्बर को प्रातः 11 बजे प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसमें बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत, स्नातक व आगे की परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक तथा अन्य तकनीकी परीक्षा में विशेष योग्यता प्राप्त विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही जनवरी 2017 के पश्चात आईएएस, आरएएस, सहायक प्रोफेसर एवं सैन्य सेवाओं में चयनित तथा राज्यपाल अथवा राष्ट्रपति द्वारा विशेष योग्यता से पुरस्कृत व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

error: Content is protected !!