अजमेर। शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती नसीम अख्तर इंसाफ 21 नवम्बर को प्रात: 9 बजे पुष्कर मेला स्टेडियम में ध्वजारोहण कर ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले का शुभारम्भ करेंगी। इसके साथ ही विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं कार्यक्रम शुरू हो जायेंगे।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता जिला कलक्टर श्री वैभव गालरिया करेंगे जबकि पुष्कर नगरपरिषद की अध्यक्ष श्रीमती मंजू कुडिऱ्या विशिष्ठ अतिथि के रूप में भाग लेंगी।
ध्वजारोहण के बाद प्रात: 9.30 बजे माण्डना, बालिकाओं की गु्रप रेस, कैमल रेस तथा स्थानीय खिलाडिय़ों एवं विदेशी मेहमान खिलाडिय़ों के मध्य फुटबॉल खेलकूद प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण होगी। सांयकाल पुष्कर सरोवर के घाटों पर दीपदान का कार्यक्रम रखा गया है।
22 नवम्बर को प्रात: 10 बजे विदेशी मेहमानों और स्थानीय नागरिकों के मध्य परम्परागत सतोलिया मैच के बाद लगड़ी टांग प्रतियोगिता और ऊंट श्रृगांर प्रतियोगिता होगी। सायंकाल महाआरती होगी।
23 नवम्बर को प्रात: 11 बजे कैमल डांस, हॉर्स डांस, रात्रि 7 बजे भारतीय दुल्हन प्रतियोगिता, रात्रि 8 बजे टैम्पल डांस में शास्त्रीय नृत्यागंना पदमश्री गीता चन्द्रन अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी और कवि सम्मेलन होगा।
24 नवम्बर को प्रात: 8 बजे आध्यात्मिक पदयात्रा, 10 बजे कब्बड्डी मैच, दोपहर एक बजे अन्तर पंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताएं, अपरान्ह 3 बजे शिल्पग्राम का उद्घाटन और महाआरती के बाद गीर एवं संकर पशु प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। सायंकाल 6 बजे प्रदर्शनी मण्डप व उद्योग क्राफ्ट मेले के उद्घाटन के बाद टैम्पल डांस व भजन संध्या का आयोजन होगा।
25 नवम्बर को प्रात: 10 बजे मेला मैदान में गीर एवं संकर पशु प्रतियोगिता, 11 बजे साफा बंधन या तिलक प्रतियोगिता होगी। प्रात: 11.30 बजे मूंछ प्रतियोगिता, ग्रामीण खेलकूद होंगे। सायंकाल 7.30 बजे पर्यटन विभाग की ओर से राजस्थानी लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा।
26 को कुश्ती, नागौरी बैल, मटका रेस व मटका फोड़ प्रतियोगिता होगी। सायंकाल पर्यटन विभाग की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा । रात्रि को दयाराम पार्टी के कलाकार कुचामनी ख्याल प्रस्तुत करेंगे।
27 नवम्बर को म्यूजिकल चैयर, पशु चैम्पियन प्रतियोगिता होगी। रात्रि 7 बजे मेला ग्राउन्ड में राजा हसन लाफ्टर शो प्रस्तुत करेंगे और लेजर शो दिखाया जायेगा। कार्तिक पूर्णिमा 28 नवम्बर को भव्य समापन समारोह के आयोजन से पुष्कर मेला सम्पन्न होगा।
प्रदर्शनी मण्डप की तैयारियों के संबंध में बैठक
अजमेर। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्री सुरेश सिंधी ने पुष्कर मेले में आगामी 24 से 28 नवम्बर तक राजकीय विभागों, स्वायत्त शासी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं तथा विभिन्न प्रान्तों से आने वाले व्यावसायिक संस्थानों के सहयोग से लगाये जाने वाली बहुरंगी विकास प्रदर्शनी मण्डप की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, साक्षरता, स्वयं सहायता समूह, रसद, बैंक ऑफ बड़ौदा, नाबार्ड, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, जिला परिषद, कृषि, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाई जाने वाली प्रदर्शनी के बारे में चर्चा की गई और स्टॉल्स के लिए प्राप्त हो रहे आवेदनों पर विचार किया गया। विकास प्रदर्शनी के उद्घाटन साज सज्जा, टैन्ट विद्युत जल आपूर्ति एवं अन्य व्यवस्थाएं प्रदर्शनी सम्पन्न होने तक माकूल बनाये रखने के निर्देश दिये गये।
बैठक में पशुपालन विभाग के चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर सैनी ने बताया कि प्रदर्शनी के लिए व्यवसायिक संस्थान पशुपालन विभाग पुष्कर कार्यालय में आवेदन कर सकते हंै। इस वर्ष प्रदर्शनी मण्डप 70 स्टॉल्स की व्यवस्था रहेगी और प्रदर्शनी मण्डप मेले में अपनी अलग छटा बिखेरने वाला होगा।