चिकित्सकों को दिए एप्रीन पहनने के निर्देश
अजमेर, 08 जनवरी। जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने मंगलवार को भिनाय एवं बिजयनगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यार्ेंं एवं विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया।
जिला कलक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भिनाय के निरीक्षण में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर को जानवरों एवं सुअरों से मुक्त करने के लिए कार्यवाही अमल में लायी जाए। साथ ही समस्त स्टाफ को एप्रीन पहनने के लिए पाबंद किया। मौके पर एप्रीन नहीं पहनने वाले चिकित्सकों एवं कार्मिकों को नोटिस जारी करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के.सोनी को निर्देश प्रदान किए। मुख्य मंत्री निःशुल्क दवा योजना के अन्तर्गत स्वीकृत समस्त दवाएं मरीजों के लिए उपलब्ध होनी चाहिए। दवाओं की अग्रिम मांग भेजकर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अवधि पार दवाओं के निस्तारण की नियमानुसार व्यवस्था हो। चिकित्सालय में लगे ओटो जनसेट की मरम्मत करवाकर उसे तुरन्त उपयोग योग्य बनाया जाए। चिकित्सालय की प्रयोगशाला की मरम्मत सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से करवाने के लिए कहा।
उन्होंने बिजयनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में 6 बिस्तरों के आपातकालिन वार्ड को आरम्भ करने के लिए निर्देश प्रदान किए। इसके लिए अस्पताल के मुख्य भवन के प्रवेश द्वार के पास के ही कमरे को विस्तार दिया जाए। चिकित्सालय की सफाई व्यवस्था, ड्यूटी रोस्टर रजिस्टर संतोषजनक पाए गए। बेकार एवं मरम्मत नहीं होने वाले सामान को निलाम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अतिरिक्त बिस्तरों एवं पलंगों को निकटवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्थानान्तरित करने के लिए कहा। पूराने क्षतिग्रस्त क्वार्टर्स एवं रसोईघर को निर्धारित प्रक्रिया से गिरवाया जाएगा। इनके स्थान पर नए भवन एवं बगीचा विकसित किया जाएगा। स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा शल्यक्रिया पुनः आरम्भ करने की जानी चाहिए। आवश्यकता होने पर अतिरिक्त रक्त की आपूर्ति जिला स्तर से सुनिश्चित की जाएगी।
श्री शर्मा ने अमरगढ़ तथा करांटी में महात्मा गांधी नरेगा के कार्यों का निरीक्षण किया। अमरगढ़ में गणेश डूंगरी रोड पर ग्रेवल सड़क निर्माण कार्य देखा। यहां कार्य लाइनिंग करके तथा समूह बनाकर करना पाया गया। मेडिकल किट में समस्त दवाएं सही पायी गई। श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाने के लिए निर्धारित टास्क समय पर पूर्ण करने के लिए कहा गया। इसी प्रकार करांटी में नाड़ी निर्माण कार्य का अवलोकन कर कैचमेंट एरिया का जायजा लिया। श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के लिए विकास अधिकारी श्री अमित कुमार शर्मा को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर से मोतीपुरा गांव के ग्रामीणों ने गुणवत्ता युक्त सड़क निर्माण के संबंध में समस्या रखी। ग्रामीणों ने बांदनवाड़ा से मोतीपुरा गांव तक 2 किलोमीटर की सड़क को निविदा में प्रदान की गई, शर्ताें के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ बनाने के लिए ठेकेदार को पाबंद करने के लिए निवेदन किया। जिला कलक्टर ने ग्रामीणो को संबंधित विभाग के माध्यम से उच्च गुणवत्ता युक्त कार्य सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
श्री शर्मा ने भिनाय उपखण्ड अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण कर भूमि अवाप्ति का अवार्ड वितरण सुनिश्चित करने के लिए उपखण्ड अधिकारी श्री नंद किशोर राजौरा को निर्देश दिए। साथ ही सतर्कता समिति, सीएलजी की बैठकें एवं जनसुनवाई नियमित करने के लिए कहा। उपखण्ड कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण करने तथा क्षतिग्रस्त पशु चिकित्सालय के प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने बिजयनगर तहसीलदार कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां मॉर्डन रिकार्ड रूम का निरीक्षण किया। ई धरती सॉफ्टवेयर पर ऑनलाइन अपडेशन के कार्य का निरीक्षण किया। कार्य संतोषजनक पाया गया। पूर्व निरीक्षणो में बने ऑडिट पैरा का निस्तारण करने के लिए कहा गया। इस संबंध में फाईलें मसूदा तहसील से मंगवाकर उनको निस्तारित किया जाए। भू राजस्व वसूली को शत प्रतिशत करने के लिए स्थानीय तहसीलदार श्री प्रभात त्रिपाठी को निर्देशित किया गया।
उन्होंने पुलिस थाना बिजयनगर का निरीक्षण कर चोरी रोकने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने के लिए उप पुलिस अधीक्षक श्री गिरधर सिंह को निर्देश दिए। पुलिस थाने में गिरफ्तार व्यक्तियों की पंजीका का संधारण करने के लिए कहा। उन्होंने मालखाने एवं शस्त्रागार का अवलोकन कर हथियारों की सुरक्षा व्यवस्था जांची।
इन अवसरों पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अरूण गर्ग, अधीक्षण अभियंता श्री कबीर अख्तर, जिला परियोजना अधिकारी श्री एस.के.सिंह सहित स्थानीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मगरा क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम
मसूदा क्षेत्र में 31 लाख के 9 कार्य स्वीकृत
अजमेर, 08 जनवरी। जिले के मसूदा पंचायत समिति क्षेत्र में मगरा क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम के तहत 9 विकास कार्यों के लिए 31 लाख रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अरूण गर्ग ने बताया कि आंगनबाड़ी की चारदीवारी निर्माण वार्ड नम्बर 3 शिखरानी के लिए 5 लाख रूपए, सार्वजनिक श्मशान घाट सुधार कार्य व गेट निर्माण के लिए 3 लाख रूपए, माध्यमिक विद्यालय लाम्बा में स्कूल खेल मैदान की चारदीवारी निर्माण के लिए 3 लाख, राजपूत श्मशान घाट में विश्रान्ति गृह निर्माण के लिए 3 लाख, आंगनबाड़ी की चारदीवारी निर्माण सालरमाला के लिए 3 लाख, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कालाहेडी की चारदीवारी को उंचा करने के लिए 3 लाख, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी निर्माण कार्य के लिए 3 लाख, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भरकाला स्कूल की चारदीवारी अपूर्ण को पूर्ण करने के लिए 5 लाख तथा श्मशान घाट में चारदीवारी निर्माण के लिए 3 लाख रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।