आवासीय कॉलोनियों में चल रहे कोचिंग सेंटर होंगे शिफ्ट

जिला कलक्टर ने यूआईटी को दिए अन्यत्र भूमि उपलब्ध करवाने के निर्देश
बीकानेर, 26 फरवरी। शहर की आवासीय कॉलोनियों में चल रहे कोचिंग इंस्टीट्यूट व अन्य शैक्षणिक संस्थानों को अन्यत्र भूमि उपलब्ध करवा कर स्थानान्तरित किया जाएगा।
जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने मंगलवार को कलेक्टेªट सभागार में कोचिंग संचालकों के साथ बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आवासीय क्षेत्रों में चल रहे कोचिंग इंस्ट्ीट्यूट और अन्य शैक्षणिक संस्थान नियम विरूद्ध है। नगर विकास न्यास द्वारा इन संस्थानों को व्यावसायिक उद्देश्य हेतु अन्यत्र स्थान पर भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोचिंग संचालक यूआईटी के साथ समन्वय कर उचित जगह चिन्हित कर लें। लैंड आईटीफिकेशन के बाद ऑक्शन की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि इन संचालकों को ऑक्शन प्रक्रिया के बाद उस स्थान पर भवन निर्माण की स्वीकृति पट्टे के साथ ही दे दी जाएगी।
मई अंत तक का दिया समय
जिला कलक्टर ने कहा कि यदि मई के अंत तक रिहायशी इलाकों में चल रहे संस्थानों को शिफ्ट नहीं किया गया तो सीज करने की कार्यवाही की जाएगी। गौतम ने कहा कि इन संस्थाओं में पढ़ रहे विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि सत्र के बीच इन विद्यार्थियों को डिस्टर्ब नहीं होना पड़े। परीक्षाएं जल्द शुरू होने वाली है इस दौरान विद्यार्थियों को किसी तरह से डिस्टर्ब न करें। संचालक जमीन ऑक्शन में हिस्सा ले कर बीस दिन में कार्यवाही शुरू करें। बैठक में नगर विकास न्यास सचिव राष्ट्रदीप यादव उपस्थित थे।
——
2 व 3 मार्च को मतदान केन्द्र पर जाकर जुड़वाएं नाम-जिला कलक्टर
बीकानेर, 26 फरवरी। आगामी लोकसभा चुनाव-2019 के तहत मतदाता सूची में पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन की सुविधा नामांकन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि तक उपलब्ध रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार पाल गौतम ने यह जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 2 और 3 मार्च को सभी मतदान केन्द्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा और इस अवसर पर मतदाता सूची का प्रदर्शन भी किया जाएगा। दोनों दिन प्रातः 9 से सायं 6 बजे तक बीएलओ उपस्थित रहेंगे। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने निकट के मतदान केंद्र पर जाकर प्रदर्शित मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूर्व में पंजीकृत मतदाता भी अपना नाम विभाग के बनाए एप, वेबसाइट और एसएमएस के जरिए खोज सकते हैं।

गौतम ने कहा कि मतदाता सत्यापन एवं सूचना कार्यक्रम के तहत मतोत्सव -मत का अधिकार सप्ताह में विभिन्न प्रेरक गतिविधियां आयोजित की जा रही है। नाम जुड़वाने के लिए युवा फॉर्म नंबर-6 में आवेदन कर बीएलओ को प्रस्तुत करें। ऐसे मतदाता जिनकी मृत्यु हो चुकी है या अन्यत्र स्थानान्तरित हो गए हैं, ऐसे नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फॉर्म नंबर-7 और मतदाता सूची में अंकित प्रविष्टि के संशोधन के लिए फॉर्म नंबर-8 में आवेदन बीएलओ को प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता अपना नाम निर्वाचन विभाग द्वारा तैयार ‘राज इलेक्शन’ ऐप पर भी ढूंढ सकते हैं। इस एंड्राइड ऐप के जरिए प्रदेश के मतदाता अपने नाम या वोट आईडी नंबर से निर्वाचन संबंधी जानकारी ले सकते हैं। एप के माध्यम से चंद सैकंडों में भाग संख्या, क्रम संख्या तथा मतदान केन्द्र की जानकारी मिल सकेंगी। इसके अलावा परिवारजनों के नाम एक साथ देखने की सुविधा इस एप के माध्यम से मिल सकेगी। साथ ही किसी मोबाइल में इंटरनेट नहीं होने की स्थिति में मतदाता एसएमएस के जरिए भी अपना नाम चेक कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता को मैसेज बॉक्स में जाकर टव्ज्म्त्श्र स्पेस (अपना आईडी कार्ड नंबर) स्पेस के बाद उसे 9680999899 नंबर पर मैसेज करना होगा। इसके कुछ ही देर में आपका नाम, उम्र, मतदान केंद्र नंबर दिखाई देने लगेगा।
——
रजिस्ट्रेशन शिविर बुधवार से
बीकानेर, 26 फरवरी। राज्य सरकार की 100 दिवसीय कार्ययोजना में शिक्षुता प्रशिक्षण योजना के तहत शिक्षुओं का रजिस्टेªशन किया जाना है। शिक्षुता अधिनियम 1961 के तहत शिक्षुता प्रशिक्षण योजना में प्रतिमाह स्टाईफंड दिया जाता है। इस हेतु राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बुधवार व गुरूवार को रजिस्ट्रेशन शिविर आयोजित किया जाएगा।
प्राचार्य ने बताया कि माध्यमिक व उच्च माध्यमिक व आईटीआई उतीर्ण शिक्षु अपने मूल दस्तावेज, फोटो आधार कार्ड, ई-मेल आईडी के साथ प्रातः 10.30 उपस्थित हो सकते हैं। आईटीआई उतीर्ण अभ्यर्थी फिटर, वायरमैन, इलेक्ट्रीशियन, मोटर मेकनिक व्हीकल एवं टर्नर को 5 हजार 218 रूपए तथा कारपेन्टर, वेल्डर को 4 हजार 638 रूपए का स्टाईफंड देय होगा। इसी प्रकार होटलों, हॉस्पीटलों के लिए हाउसकीपर, कुक, स्टुवर्ड, रिसेप्शनीस्ट, लैब टेक्नीशियन (पेथोलोजी, रेडियोलोजिस्ट, कार्डियोलोजी) इत्यादि को 4 हजार 58 रूपए स्टाइफंड देय होगा।
——-
वन व वन्य जीव संरक्षण पुरस्कार के लिए आवेदन 7 मार्च तक
बीकानेर, 26 फरवरी। वन विकास, वृक्षारोपण, वन सुरक्षा एवं वन्य जीव संरक्षण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को जिला स्तर पर पुरस्कृत करने के लिए 7 मार्च तक आवेदन मांगे गए हैं। उपवन संरक्षक एस के डी चारण ने बताया कि इस सम्बंध में पात्र व इच्छुक व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं।

error: Content is protected !!