निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा, लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का अपमान

– माकड़वाली स्थित स्वामी विवेकानंद माॅडल स्कूल में हुए शिलान्यास में नहीं बुलाया भाजपा के स्थानीय विधायक, पंचायत व जिला परिषद सदस्य को
– सरकारी कार्यक्रम का किया कांग्रेसीकरण
– शिक्षा मंत्री को कराया अवगत, माननीय राज्यपाल व विधान सभा अध्यक्ष से भी करेंगे शिकायत

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 09 मार्च। प्रदेश में कांग्रेस द्वारा भारतीय जनता पार्टी के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा कर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का अपमान तथा जनप्रतिनिधि के नाते प्राप्त अधिकारों का हनन किया जा रहा है। पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री एवं अजमेर उत्तर से विधायक वासुदेव देवनानी ने यह आरोप कांग्रेस पर लगाते हुए कहा कि उनके विधान सभा क्षेत्र में स्थित राजकीय स्वामी विवेकानन्द माॅडल स्कूल माकड़वाली में कल प्राईमरी ब्लाॅक के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया जिसमें स्थानीय विधायक होने के नाते ना तो उन्हें कोई सूचना या निमंत्रण मिला और ना ही क्षेत्रीय पंचायत समिति सदस्य तथा जिला परिषद सदस्य जोकि जिला प्रमुख भी है उनको बुलाया गया।
हारे हुए प्रत्याशियों के नाम शिलापट्ट पर: देवनानी ने राजकीय माॅडल स्कूल में आयोजित सरकारी कार्यक्रम का कांग्रेसीकरण किये जाने की निन्दा करते हुए कहा कि क्षेत्रीय सभी जनप्रतिनिधि भारतीय जनता पार्टी के होने से उन्हें नहीं बुलाया गया जबकि विधान सभा चुनाव में हारे हुए कांग्रेस के 03 प्रत्याशी श्री महेन्द्र सिंह रलावता, श्री रामनारायण गुर्जर व श्री हेमन्त भाटी तथा कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष व एक सामाजिक कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए साथ ही इनके नाम भी शिलापट्ट पर अंकित कराये गये।
देवनानी ने चुनाव हारे हुए कांग्रेस प्रत्याशियों द्वारा किये गये इस शिलान्यास कार्यक्रम को झूठा श्रेय लेने का प्रयास बताते हुए कहा कि माॅडल स्कूल में प्राईमरी ब्लाॅक के निर्माण हेतु 75 लाख की राशि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि शिलान्यास के लिए इतना आतुर होने वाले कांग्रेसी नेता पहले इनकी प्रदेश सरकार से विकास के लिए कोई राशि तो स्वीकृत करा कर लावे।
मुख्य जि.शि.अ. ने जताई अनभिज्ञता तो शिक्षा मंत्री को कराया अवगत: देवनानी ने निर्वाचित जन प्रतिनिधियों की उपेक्षा कर आयोजित किये गये इस कार्यक्रम के सम्बंध में जब अजमेर के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री इजहार अहमद से जानकारी चाही तो उन्होंने अनभिज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम के आयोजन के सम्बंध में कोई जानकारी नहीं है। उनके द्वारा अनभिज्ञता प्रकट करने पर देवनानी ने शिक्षा मंत्री श्री गोविन्द सिंह डटोसरा को इस पूरे मामले से अवगत कराया।
देवनानी ने बताया कि अजमेर शहर में 8 मार्च को चिकित्सा विभाग द्वारा जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय व मेडिकल काॅलेज में भी शिलान्यास व लोकार्पण के कार्यक्रम भी आयोजित हुए जिनमें क्षेत्रीय विधायक होने के नाते उन्हें बुलाया गया था परन्तु ब्यावर में भाजपा के पूर्व निर्धारित शक्ति केन्द्र सम्मेलन में शामिल होने से वे चिकित्सा विभाग के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके जबकि उसी दिन उनके विधान सभा क्षेत्र में आयोजित शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में बुलाना तो दूर उन्हें सूचना तक नहीं दी गई।
माननीय राज्यपाल व विधान सभा अध्यक्ष से करेंगे शिकायत: उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रम का राजनीतिकरण करने व जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा करने पर माननीय राज्यपाल महोदय एवं विधान सभा अध्यक्ष से भी शिकायत कर इस मामले में जिम्मैदार व्यक्तियों व सम्बंधित शिक्षा अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही कराई जाएगी।

error: Content is protected !!