श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय, ब्यावर में आयोजित सामाजिक एवं सांस्कृतिक सप्ताह ‘झंकार-2026’ के तीसरे दिन वाद-विवाद, आशुभाषण एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
**वाद-विवाद प्रतियोगिता** का विषय ‘भाग्य या पुरुषार्थ’ रखा गया। इसमें छात्राओं ने भाग्य एवं पुरुषार्थ के महत्व पर अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए विभिन्न तर्क दिए। प्रतिभागियों ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से यह स्पष्ट करने का प्रयास किया कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम, लगन एवं दृढ़ संकल्प की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सुनील शास्त्री एवं मीना रांका ने निभाई। इसमें प्रथम स्थान मानवी तिवारी, द्वितीय स्थान मुस्कान खान तथा तृतीय स्थान कशिश चंदनानी ने प्राप्त किया।
**आशुभाषण प्रतियोगिता** में छात्राओं ने दिए गए विषयों पर तत्काल अपने विचार प्रस्तुत करते हुए अपनी वाकपटुता, तार्किक क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कोमल चौहान, द्वितीय स्थान सोनिया शर्मा तथा तृतीय स्थान मूमल कंवर ने प्राप्त किया।प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अजयरानी माहेश्वरी एवं विनय डोसी ने निभाई।
**समूह नृत्य प्रतियोगिता** में छात्राओं ने शास्त्रीय, लोक एवं आधुनिक नृत्य शैलियों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। संगीत की मधुर धुनों, लयबद्ध गतियों, आकर्षक भाव-भंगिमाओं एवं समूह के शानदार तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका स्वाति राठी एवं मीनाक्षी बजाज ने निभाई। इसमें प्रथम स्थान जहान्वी एवं समूह, द्वितीय स्थान योगिता एवं समूह तथा तृतीय स्थान दिक्षिता एवं समूह ने प्राप्त किया।
महाविद्यालय प्राचार्य **डॉ. आर. सी. लोढ़ा** ने कहा कि छात्राओ में तार्किक चिंतन, प्रभावशाली संवाद एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति का विकास शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्राओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, विचारों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करने तथा मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री **डॉ. नरेंद्र पारख** ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य छात्राओ को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सक्षम बनाना है। सांस्कृतिक एवं बौद्धिक गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की योग्यता एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
झंकार-2026 के तीसरे दिन आयोजित इन प्रतियोगिताओं में छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। प्रतियोगिताओ ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने एवं अपनी क्षमताओं को नए आयाम देने का अवसर प्रदान किया।