नई दिल्ली, नवंबर, 2026: हार्ले-डेविडसन के प्रेसिडेंट एवं सीईओ आर्टी स्टार्स और हीरो मोटोकॉर्प के एक्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉ. पवन मुंजाल ने भारत में ब्रांड की मौजूदगी को और मजबूत करने तथा कारोबार के विस्तार की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इसके लिए दोनों कंपनियां ‘मिशन: द बिग राइड’ नाम से एक नई पहल शुरू कर रही हैं। भारत में प्रवेश के 17 साल पूरे होने के मौके पर शुरू की गई यह पहल हीरो मोटोकॉर्प के साथ साझेदारी में आगे बढ़ाई जाएगी। इसके तहत ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने, डीलरशिप नेटवर्क का विस्तार करने, नए उत्पाद पेश करने और देश में तेजी से बढ़ रहे प्रीमियम मोटरसाइकिल बाजार के साथ-साथ राइडर्स के समुदाय से जुड़ाव बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा।
हीरो मोटोकॉर्प के कार्यकारी चेयरमैन डॉ. पवन मुंजाल ने कहा, “हार्ले-डेविडसन के साथ हमारी साझेदारी दो मजबूत और प्रतिष्ठित कंपनियों की खूबियों को एक साथ लाती है। जहां हार्ले-डेविडसन के पास अपनी अलग पहचान बनाने वाला ब्रांड और बेहतरीन उत्पादों की विरासत है, वहीं हीरो मोटोकॉर्प को भारतीय ग्राहकों की गहरी समझ, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, इंजीनियरिंग विशेषज्ञता और देशभर में व्यापक पहुंच हासिल है। इस साझेदारी के जरिए हम हार्ले-डेविडसन के अनुभव को ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने में सफल रहे हैं। साथ ही, भारत के बढ़ते प्रीमियम मोटरसाइकिल बाजार में नए अवसर भी तैयार हुए हैं। भारत में हार्ले-डेविडसन के 17 साल पूरे होने के इस मौके पर हम इस मजबूत नींव को आगे बढ़ाने और अपनी साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
हार्ले-डेविडसन के ग्लोबल सीईओ आर्टी स्टार्स ने कहा, “हीरो मोटोकॉर्प के साथ हमारी साझेदारी भारत में कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए एक मजबूत आधार देती है। इसके तहत हार्ले-डेविडसन की वैश्विक ब्रांड पहचान और उत्पादों की विशेषज्ञता को हीरो मोटोकॉर्प के व्यापक रिटेल नेटवर्क का साथ मिलता है। इस साल हमारे सभी सेगमेंट में बाजार हिस्सेदारी बढ़ी है। यह बेहतर होती मांग और लगातार मजबूत हो रही बिक्री को दर्शाता है। आने वाले समय में राइडर्स और डीलर्स के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत करने के साथ-साथ हार्ले-डेविडसन समुदाय का विस्तार करने का भी अच्छा अवसर है।”
उत्पादों की रेंज को और मजबूत करने पर जोर
भारत में अपनी रणनीति के तहत हार्ले-डेविडसन अपने वैश्विक मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो की पेशकश जारी रखेगी। इसमें कस्टम व्हीकल ऑपरेशंस, टूरिंग, क्रूजर (सॉफ्टेल), एडवेंचर टूरिंग और स्पोर्ट्स श्रेणियों की मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इसके अलावा, कंपनी हार्ले-डेविडसन X रेंज के तहत भी नए मॉडल पेश करती रहेगी।
राइडर कम्युनिटी को जोड़ने की पहल
हार्ले-डेविडसन की पहचान उसके उत्साही राइडर्स और मजबूत राइडिंग कम्युनिटी से जुड़ी है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने मार्च 2027 तक कई खास कार्यक्रमों और राइडिंग अनुभवों की योजना बनाई है। इनमें नॉर्दर्न और ईस्टर्न H.O.G. राइड्स, इंडिया बाइक वीक में फ्लैट ट्रैक रेसिंग, हार्ले रॉक राइडर्स और कस्टम बिल्ड-ऑफ जैसे आयोजन शामिल हैं। इसके अलावा इंडिया H.O.G. रैली और डेस्टिनेशन X भी इस कैलेंडर का हिस्सा होंगे।
भारत में हार्ले ओनर्स ग्रुप (H.O.G.) के 3,000 से अधिक सदस्य हैं। यह एशिया के उभरते बाजारों में H.O.G. का सबसे बड़ा नेटवर्क है। राइडर्स के इस मजबूत समुदाय को आगे बढ़ाते हुए 100 से अधिक भारतीय हार्ले-डेविडसन राइडर्स 27 और 28 नवंबर, 2026 को थाईलैंड में होने वाले एशिया हार्ले डेज़ में हिस्सा लेंगे। इस तरह इस क्षेत्रीय आयोजन में भारत की भागीदारी सबसे अधिक रहने वाले बाजारों में से एक होगी।
कारोबार में तेजी, डीलरशिप नेटवर्क का भी विस्तार
भारत में हार्ले-डेविडसन ने एक अहम उपलब्धि हासिल की है। साल 2010 में डीलरशिप के जरिए कारोबार शुरू करने के बाद से अब तक कंपनी की मोटरसाइकिलों का कुल ग्राहक आधार 80,000 का आंकड़ा पार कर चुका है। हीरो मोटोकॉर्प के साथ मिलकर विकसित की गई हार्ले-डेविडसन X रेंज कंपनी के कारोबार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है। साल 2023 में लॉन्च होने के बाद से इस रेंज की 50,000 से अधिक यूनिट्स बिक चुकी हैं। इससे प्रीमियम मोटरसाइकिल बाजार में ब्रांड की पहुंच और मजबूत हुई है।
भारत में अपनी मौजूदगी को और बढ़ाने के लिए हीरो मोटोकॉर्प और हार्ले-डेविडसन की साझेदारी के तहत रायपुर और इंदौर में दो नई फुल-लाइन डीलरशिप खोली जाएंगी। इसके साथ ही देश में हार्ले-डेविडसन की डीलरशिप की कुल संख्या बढ़कर 23 हो जाएगी। वहीं, हार्ले-डेविडसन X मोटरसाइकिलों की बिक्री में सहयोग देने वाले हीरो प्रीमिया का नेटवर्क भी बढ़कर 152 आउटलेट्स तक पहुंच गया है। कंपनी इस नेटवर्क का और विस्तार करने की दिशा में काम कर रही है।