देवनानी ने किया 34.59 लाख के विकास कार्यो का शिलान्यास

– विधायक कोष से स्वीकृत 8 विकास कार्यो का किया शिलान्यास
– अजमेर उत्तर विधान सभा क्षेत्र में होंगे सड़क, नाली निर्माण के कार्य

अजमेर, 10 मार्च। अजमेर उत्तर से विधायक एवं पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने आज 34.59 लाख की राशि से उनके विधान सभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर कराये जाने वाले विकास कार्यो का शिलान्यास किया।
देवनानी ने बताया कि आज 8 विकास कार्यो का शिलान्यास एक साथ एक ही स्थान पर किया गया। विकास के इन कामों के लिए उनके विधायक कोष से राशि स्वीकृत की गई थी। कार्यक्रम का आयोजन वार्ड 7 स्थित डूंगरी वाले बालाजी दरगाह सम्पर्क सड़क पर किया गया । यहां पर 5.58 लाख की राशि से सम्पर्क सड़क से नीचे लोंगिया मोहल्ला वाली गली नं. 4 में सड़क, नाली के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया गया।
इसके साथ ही वार्ड 54 स्थित नगीना बाग की एक गली में 5 लाख की राशि से सड़क निर्माण तथा वार्ड 45 के माली मौहल्ला में 3 लाख से सड़क व 4 लाख से नाली निर्माण कार्य का शुभारम्भ भी किया गया। इसके अतिरिक्त वार्ड 10 स्थित हेड़ा गली में 3 लाख से सड़क, नाली निर्माण व वार्ड 51 में श्याम गली में 5 लाख की राशि से सीसी सड़क व 2.91 लाख की राशि से ब्रहमपुरी की गली में नाली कवर करने के कार्य का शुभारम्भ किया गया। वार्ड 2 स्थित सुन्दरनगर की गली नं. 2 में 6.10 लाख की राशि से सड़क, नाली निर्माण के कार्य का शुभारम्भ भी आज किया गया।
इस अवसर पर भाजपा शहर जिला महामंत्री रमेश सोनी, भाजयुमो महामंत्री अनिल नरवाल, पार्षद जे.के. शर्मा, वन्दना नरवाल, धर्मेन्द्र शर्मा, अनीश मोयल, महेन्द्र जादम, मण्डल अध्यक्ष राजकुमार ललवानी, सीताराम शर्मा, प्रेमजी मेघवाल, अमन कपूर, शंकर नायक, ग्यारसी बाई आदि भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!