अजमेर, 27 मार्च। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विश्व मोहन शर्मा ने कहा कि लोकसभा आमचुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिले के 928 स्कूलों में निर्वाचन साक्षरता क्लब गठित किए गए है। यहां स्कूली विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा ताकि वे अपने अभिभावकों एवं अन्य मतदाताओं को प्रेरित कर सके। इसी तरह अन्य गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विश्व मोहन शर्मा ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यशाला में प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा की 928 विद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन भावी मतदाताओं के लिए किया गया है। इनमें कक्षा 9 से 12 तक के 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के भावी मतदाताओं को सम्मिलित करते हुए साक्षरता क्लब का गठन कर चुनाव संबंधित जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन साक्षरता क्लब में कार्यकारी समिति क्रियाकलाप सम्पन्न कराने में अपना योगदान देगी। प्रत्येक कक्षा व वर्ग में से दो विद्यार्थियों का निर्वाचन प्रक्रिया द्वारा चयन किया जाकर उक्त समिति के सदस्य नियुक्त किए जाएंगे। यह सदस्य निर्वाचन द्वारा अपने मे से एक सदस्य को चेयर एवं एक अन्य को वाईस चेयर नियुक्त करेगी।
श्री शर्मा ने कहा कि विद्यालय स्तर पर प्रार्थना सभा में चुनाव संबंधित एक सैशन रखा जाता है। जिसमें संबंधित विद्यालय में चुनाव कार्य की जानकारी रखने वाले अध्यापक मतदाता जागरूकता शिक्षा हेतु निर्धारित क्रियाकलापों की जानकारी देंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समय-समय पर जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप कार्य संपादित करेंगे। प्रत्येक शनिवार को विद्यालय में बालसभा का आयोजन कर चुनाव संबंधित कार्य एवं इससे जुड़ी समस्त प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
उन्होने बताया कि महाविद्यालय स्तर पर मतदाता साक्षरता क्लब का गठन अजमेर जिले के सभी राजकीय व निजी महाविद्यालय, विश्वविद्यालय में किया जा है। मतदाता साक्षरता क्लब में कैम्पस ऎम्बेसेडर भी नियुक्त किए जाएंगे। प्रत्येक कक्षा व वर्ग से एक विद्यार्थी का चयन किया जाकर सदस्य नियुक्त किए जाए। यह सदस्य निर्वाचन प्रक्रिया द्वारा अपने मे से एक सदस्य को चेयर व एक अन्य सदस्य को वाईस चेयर नियुक्त करेगी।
क्लब की कार्यव्रणाली के तहत प्रत्येक शनिवार को महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय में एक कालांश का आयोजन कर चुनाव संबंधित कार्य एवं इससे जुड़ी समस्त प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके लिए एकांकी नाटक, लोकनृत्य, परस्पर संवाद, वाद-विवाद एवं प्रेरणादायक लघु कथाओं आदि द्वारा इसे रोचक बनाया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इसी तरह मतदाता जागरूकता मंच का गठन सरकारी विभागों गैर सरकारी संगठनों, कॉर्पोरेट्स एवं अन्य संस्थाओं में किया जाएगा। इसका उद्देश्य वर्ष पर्यन्त निर्वाचन संबंधी गतिविधियां इस स्तर पर संपादित करना है। इस प्रकार के मंचों में गठन से सरकारी/गैर सरकारी संगठनों के मतदाताओं को नियमित रूप से निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ा जा सकेगा। इन मंचों द्वारा मतदाता के जागरूक होने से हमारे देश को होने वाले लाभ की जानकारी प्रसारित करनी चाहिए। मतदाताओं को समझना चाहिए कि राजनीति से ही हमारे देशका भविष्य बदल सकता है।
स्वीप प्रभारी एवं जिला परिषद के सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने स्वीप के तहत आयोजित की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के उप निदेशक श्री महेश चंद्र शर्मा, सहायक जन सम्पर्क अधिकारी श्री भानु प्रताप गुर्जर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्य सचिव कल अजमेर में, चुनाव तैयारियों की करेंगे समीक्षा
अजमेर, 27 मार्च। राज्य के मुख्य सचिव श्री डी.बी.गुुप्ता कल अजमेर आएंगे। मुख्य सचिव श्री गुप्ता कल 28 मार्च को दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में लोकसभा चुनाव की तैयारी एवं कानून व शान्ति व्यवस्था के संबंध में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में महानिदेशक पुलिस, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह विभाग एवं संभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
राजकीय संग्रहालय में 30 मार्च को प्रवेश निःशुल्क
अजमेर, 27 मार्च। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 30 मार्च को राजकीय संग्रहालय अजमेर में देशी एवं विदेशी पर्यटकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। यह जानकारी वृत अधीक्षक श्री नीरज कुमार त्रिपाठी ने दी।
राजस्थान दिवस पर निकाला जाएगा मशाल जुलूस
स्वीप गतिविधियों से मतदाताओं को किया जाएगा जागरूक
अजमेर, 27 मार्च। लोकसभा आम चुनाव 2019 के दौरान स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को मताधिकार के प्रयोग के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके तहत 30 मार्च को राजस्थान दिवस पर मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विश्व मोहन शर्मा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने एवं मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदान दिवस तक कई गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इनमें समस्त विभागों, गणमान्य नागरिकों एवं संस्थाओं की भागीदारी आवश्यक है। इसके अन्तर्गत 30 मार्च तक राजकीय संग्रहालय में स्वीप गतिविधियां आयोजित होगी। इसके प्रभारी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ है। राजस्थान दिवस 30 मार्च को गांधी भवन में राजकीय संग्रहालय तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। साथ ही दीपदान का कार्यक्रम भी होगा। इसके लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री अरविंद कुमार सेंगवा को प्रभारी तथा उप पंजीयक प्रथम श्री रामकुमार टाडा को सहायक प्रभारी नियुक्त किया गया है। उपखण्ड स्तर पर भी मशाल जुलूस एवं दीपदान के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने कहा कि इसी क्रम में एक अप्रेल को माध्यमिक, उच्च माध्यमिक एवं महाविद्यालय विद्यार्थियों द्वारा प्रभातफेरी निकालकर मतदान का संदेश प्रदान किया जाएगा। उपखण्ड स्तर पर स्थानीय विद्यार्थी प्रभातफेरी निकालकर जागरूकता पैदा करेंगे। प्रभातफेरी गतिविधी के प्रभारी अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद लखारा तथा सहायक प्रभारी माध्यमिक शिक्षा के सहायक निदेशक श्री अजय कुमार गुप्ता होंगे। उपखण्ड स्तर पर 3 अप्रेल को समस्त विद्यालयों में विद्यार्थी मतदाता मेले आयोजित होंगे। रंगोली बनाकर मतदान की शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी श्री ओमप्रकाश शर्मा एवं श्री राजेन्द्र प्रसाद जोशी को प्रभारी एवं सहायक प्रभारी बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि 5 अप्रेल को अजमेर से पुष्कर तक मानव श्रंखला बनाई जाएगी। इसके साथ ही विधानसभा स्तर पर वोट अजमेर वोट की मानव संरचना बनाई जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री ए.एल. वैष्णव को प्रभारी बनाया गया है। जिले के पेंशनर्स व वरिष्ठ नागरिकों के साथ लोकतंत्र से संबंधित चर्चा अििरक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद लखारा के द्वारा की जाएगी। इसके लिए सहायक प्रभारी कोषाधिकारी श्री कश्मीर सिंह होंगे। अगामी 10 अप्रेल को विधानसभा क्षेत्रों एवं उपखण्ड स्तर पर विभागीय कर्मचरियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, मीडियाकर्मियों द्वारा प्रभातफेरी आयोजित की जाएगी। इसके प्रभारी अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री अरविंद कुमार सेंगवा तथा सहायक प्रभारी सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के उप निदेशक श्री महेश चंद्र शर्मा और श्री अमर सिंह राठौड़ है।
उन्होंने कहा कि जिले में विभिन्न स्थानों पर मतदाता सखी मेले आयोजित होंगे। ये मेले महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक श्रीमती अनुपमा टेलर के मार्गदर्शन में होंगे। पीसांगन में 11 अप्रेल, केकड़ी में 12 अप्रेल, किशनगढ़ में 23 अप्रेल तथा मसूदा (बिजयनगर ) में 18 अप्रेल को मतदाता सखी मेले होंगे। इसी प्रकार 13 अप्रेल को सांस्कृतिक संध्या में मतदान की अपील की जाएगी। इसके प्रभारी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ है। जिला एवं उपखण्ड स्तर पर समस्त विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, पुलिस, रेलवे, सीआरपीएफ के द्वारा 16 अप्रेल को साइकिल रैली निकाली जाएगी। इसके प्रभारी अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री अरविंद कुमार सेंगवा और सहायत प्रभारी जिला खेल अधिकारी श्री अभिमन्यू सिंह है। वोट मैराथन का आयोजन 20 अप्रेल को किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त चिन्मयी गोपाल वोट मैराथन की प्रभी एवं प्रशिक्षु आईएएस तेजस्वी राना और एडीएम अरविंद कुमार सेंगवा सहायक प्रभारी होंगे।
उन्होनें कहा कि चुनाव आयोग के लोगों की मानव संरचना का निर्माण पटेल मैदान में 23 अप्रेल को किया जाएगा। इसे साथ -साथ जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में केम्पस एम्बेसेडर का प्रशिक्षण प्रदान कर जनता को प्रेरित करवाया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री ए.एल.वैष्णव, श्री कैलाश चंद लखारा, श्री अरविंद कुमार सेंगवा, प्रशिक्षु आईएएस तेजस्वी राना, पुलिस अधीक्षक श्री राष्ट्रदीप तथा सीआरपीएफ के ग्रुप कमानडेण्ट अपस्थित थे।
जवाहर रंगमंच पर ‘‘वोट गुरू ’’ का प्रशिक्षण
अजमेर, 27 मार्च। जवाहर रंगमंच में नव नियुक्त प्रतिक्षारत अध्यापकगण को जिला मतदाता शिक्षा कमेटी अजमेर की ओर से वोट गुरू का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिसमें नव नियुक्त अध्यापकों को बीएलओ के मागदर्शन में कार्य करने हेतु बताया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वीप जिला प्रभारी व जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने की। उन्होंने नवनियुक्त अध्यपकों को सत्यनिष्ठा से कार्य करने हेतु प्रेरित किया तथा उन्हें मतदान की शपथ दिलाई। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मुरारी लाल वर्मा ने भी सभी नवनियुक्त अध्यापकों को संबोधित करते हुए मतदान प्रतिशत बढ़ाने में अपना योगदान देने हेतु प्रेरित किया।
जिला मतदाता शिक्षा कमेटी के सचिव श्री रामविलास जांगिड़ ने प्रशिक्षणार्थियों को चुनावी पाठशाला के बारे में जानकारी प्रदान की तथा उन्हें बीएलओ के साथ्ज्ञ मिलकर घर-घर मतदान की अलख जगाने हेतु प्रेरित किया। अजमेर शहर में जिले के मुकाबले कम प्रतिशत को बढ़ाने हेतु प्रमुखता से कार्य करने हेतु बताया डीसीएल की अनुसंधान अधिकारी श्रीमती मुन्नी शर्मा ने अपनी कविता द्वारा प्रशिक्षणार्थियों का हौंसला बढ़ाया। श्री अशोक शर्मा ने मतदान गीत पर नृत्य किया।
जिला मतदाता शिक्षा कमेटी के सदस्यों श्री संतोष छीपा, संतोष सामरिया, सुरेन्द्र सिंह, गोविंद नारायण जोशी, गोवर्धन मीणा, एडीईओ श्री टेलर, हेमन्त छीपा, समीर शर्मा, श्रीमती अर्चना वर्मा, श्रीमती शालीनी कुंजनिया, सुशील शर्मा, महिपाल सिंह ने भाग लिया।
ईवीएम का प्रथम रैण्डमाईजेशन कल
अजमेर, 27 मार्च। लोकसभा आमचुनाव के लिए ईवीएम एवं वीवीपेट का प्रथम रैण्डमाईजेशन कल 28 मार्च को प्रातः 9 बजे कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीसी कक्ष में किया जाएगा।
कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
अजमेर, 27 मार्च। लोकसभा आमचुनाव के तहत कलेक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए है। जिला मजिस्ट्रेट श्री विश्व मोहन शर्मा ने उपखण्ड मजिस्ट्रेट श्रीमती अर्तिका शुक्ला एवं उप पंजीयक श्री रामकुमार टाडा को कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक एक अप्रेल को
अजमेर, 27 मार्च। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आगामी एक अप्रेल को प्रातः 11 बजे संभागीय आयुक्त श्री एल.एन.मीना की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों एवं कानून व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी। बैठक में महानिरीक्षक पुलिस एवं संभाग के चारों जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक भाग लेंगे।