प्रभारी सचिव गैरा ने देखे विकास कार्य

ब्यावर, 30 अगस्त। जिले के प्रभारी सचिव तथा चिकित्सा शिक्षा, आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा के शासन सचिव श्री हेमंत गेरा ने शुक्रवार को ब्यावर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर अवलोकन किया।
श्री गेरा ने नवसृजित ग्राम पंचायत मेडिया में पंचायत भवन का अवलोकन किया। इसे देखकर श्री गेरा ने कहा कि यह मिनि सचिवालय का साक्षात स्वरूप है। इसका भव्य प्रवेश द्वार ओर शानदार भवन अनुकरणीय है। मुख्य मार्ग से कार्यालय तक ब्लॉक की सड़क बनने से सहज आवागमन संभव है। भवन में 50 से अधिक व्यक्तियों के लिए आधुनिक सुविधाओं युक्त सभागार भी बना है। पूरे परिसर में वृक्षारोपण होने से ईको फ्रेंडली कार्यालय की सराहना की। साथ ही श्री गेरा तथा उपखण्ड अधिकारी श्री जसमीत सिंह संधु ने वृक्षारोपण भी किया।

रैन वाटर टैंक के लिए बनाएं चैम्बर
श्री गेरा ने पंचायत भवन परिसर स्थित रैन वाटर टैंक का अवलोकन किया। इसके निर्माण में रही तकनीकी खामी की तरफ स्थानीय अधिकारियों का ध्यान दिलाया तथा इस खामी को चैम्बर बनाकर दूर करने के लिए निर्देश प्रदान किए। वर्षा जल का संचय कर उसका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए भी ग्राम विकास अधिकारी श्री उम्मेद सिंह राठौड़, लिपिक श्री गुलाब चंद प्रजापति को निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर सरपंच सुश्री संगीता राठौड़ भी उपस्थित थी।

प्रत्येक मृत्यु पर म्यूटेशन में करें बदलाव
प्रभारी सचिव श्री गेरा ने जन्म मृत्यु पंजीयन रजिस्टर की जांच की इसमें पंजीकृत मृत्यु के प्रमाण पत्र की एक प्रति स्थानीय पटवारी को देने के निर्देश दिए साथ ही पटवारी को प्रत्येक मृत्यु के आधार पर म्यूटेशन में परिवर्तन करने के भी निर्देश दिए। पूर्व में पंजीकृत समस्त मृत्यु एवं उनके आधार पर म्यूटेशन में परिवर्तन के संबंध में उपखण्ड अधिकारी श्री जसमीत सिंह संधु द्वारा एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

निष्कि्रय जॉब कार्ड वालों को करें कार्य के लिए प्रोत्साहित
श्री गेरा ने महात्मा गांधी नरेगा के जॉब कार्ड एवं दस्तावेजों की भी जांच की। उन्होंने निर्र्देश दिए कि निष्कि्रय जॉब कार्ड के व्यक्तियों को कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उनसे व्यक्तिगत सम्पर्क करके प्रगतिरत एवं नए कार्यों में रोजगार प्राप्त करने के आवेदन पत्र प्राप्त करने के साथ ही नियमित कार्य करने के लिए भी कहा जाए। नरेगा के कार्यों में सामग्री एवं श्रम के अनुपात को नियमानुसार ही रखा जाना आवश्यक है।
उन्होने माताजी की डूंगरी मार्ग पर स्थित मॉडल तालाब का भी अवलोकन किया। तालाब में पानी रूके तथा उसका उपयोग हो यह सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। मॉडल तालाब की पाल का उपयोग वृक्षारोपण एवं अन्य कार्यों के लिए करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जनआवास के आवेदकों को कराएं साईट विजिट
उन्होंने मुख्यमंत्री जन आवास योजना के ब्यावरखास स्थित निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। इसके आवेदकों से बात करके उनकी एक साईट विजिट करवाने के लिए नगर परिषद के आयुक्त श्री राजेन्द्र सिंह चांदावत को निर्देश प्रदान किए। आवेदकों के द्वारा दिए गए फीडबैक को संकलित करके इसकी रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाएगी।
राजकीय अमृतकौर अस्पताल में डॉ. मुकुल राजवंशी ने श्री गेरा को अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं एवं उपचार के बारे में अवगत कराया। श्री गेरा ने मौसमी बीमारियों के प्रति संवेदनशीलता एवं गम्भीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। पीपीपी मोड पर सुविधाओं के विस्तार के संबंध में प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजने के भी निर्देश प्रदान किए। खसरा रूबेला टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए समस्त स्टाफ की सराहना की। मदर मिल्क बैंक की कार्यप्रणाली के बारे में भी जाना।
इस अवसर पर तहसीलदार श्री दिनेश शर्मा, विकास अधिकारी डॉ. विजेन्द्र शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के.सोनी, आरसीएचओ डॉ. रामलाल चौधरी, डीपीएम श्री एस.के.सिंह भी उपस्थित थे।

मतदाता सत्यापन कार्यक्रम
राजनैतिक दलों के साथ शुभारम्भ समारोह एक को
अजमेर, 30 अगस्त। निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम से पूर्व मतदाता सत्यापन कार्यक्रम एक सितम्बर से प्रारम्भ होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि मतदाता सत्यापन कार्यक्रम का शुभारम्भ करने के लिए जिला स्तर पर एक सितम्बर को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ एक संक्षिप्त समारोह का आयोजन किया जाएगा।

error: Content is protected !!