गौशालाओं को अनुदान का भुगतान तुरन्त करे सरकार – देवनानी

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 12 अप्रेल।
पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री एवं विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि राज्य की पंजीकृत गौशालाओं को देय अनुदान का तुरन्त भुगतान कराया जाए।
देवनानी ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री को लिखा कि वर्तमान में राज्य में कोरोना की विभीषिका से गौशालाओं के प्रबंधकों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। एक ओर लाॅकडाउन के कारण धर्मप्रेमी जनता द्वारा गौशालाओं तक पहंुचना व चारा उपलब्ध कराना बन्द हो गया है वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार से इन्हें मिलने वाला अनुदान भी प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने लिखा कि राज्य में लगभग 2900 से अधिक गौशालाएं पंजीकृत है जिन्हें फरवरी व मार्च का अनुदान आज दिन तक प्राप्त नहीं हुआ है जबकि राज्य के पास इस निमित सेस से 650 करोड़ की राशि उपलब्ध है। वर्तमान हालातों में गौशालाओं को दान, चन्दा भी नहीं मिल पा रहा है साथ ही राज्य सरकार द्वारा देय अनुदान भी नहीं मिल पाया है जिससे प्रदेश का गौवंश भारी संकट में है। देवनानी ने मुख्यमंत्री गहलोत से आग्रह किया कि वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की गौशालाओं को बकाया अनुदान की राशि तत्काल दिये जाने के आदेश करे।

विधायक कोष से राशि स्वीकृति के आदेश भी जारी कराए
देवनानी ने मुख्यमंत्री से यह भी आग्रह किया कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा नियमों में संशोधन करते हुए विधायकों को उनके विधायक कोष से गौशालाओं व पक्षीघरों हेतु राशि स्वीकृत करने के आदेश भी जारी करावे जिससे वर्तमान हालातों में राज्य के गौवंश व पक्षियों की रक्षा की जा सके। देवनानी ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा नियमों में संशोधन के बाद ही विधायक अपने क्षेत्र की गौशालाओं व पक्षीघरों में विधायक कोष से राशि दे सकेंगे जिससे गौवंश व पक्षियों को राहत मिल सकेगी।

error: Content is protected !!