अजमेर, 19 अपे्रल। राज्य सरकार द्वारा जारी मॉडीफाइड लॉकडाउन आदेशों के तहत सोमवार से विभिन्न सरकारी कार्यालय खुल जाएंगे। नए आदेशों के तहत ड्यूटी चार्ट वाले कार्मिक ही कार्यालय आएंगे लेकिन आमजन को इजाजत नहीं होगी। जिले में लॉकडाउन 2 तथा भादस की धारा 144 के तहत पाबंदियां लागू है। आमजन को इनका पालन करना होगा।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार के समस्त राजकीय कार्यालय 20 अप्रेल से खुलेंगे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, पुलिस विभाग, वित्त विभाग, आपदा प्रबन्धन विभाग, कृषि विपणन विभाग, सहकारिता विभाग, जिला सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, जन स्वास्थ्य अभियान्ति्रकी विभाग, नगर निगम, परिषद, पालिका, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, उद्योग विभाग, रीको ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, जिला परिषद, पंचायत समिति, ग्राम पंचायत, वन विभाग, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, जिला प्रशासन एवं मोटर गैराज से संबंधित विभागों के आवश्यकता अनुसार अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि अन्य राजकीय विभागों के समस्त अधिकारी एवं मंत्रालयिक सेवा तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कर्मचारी सेवा के एक तिहाई कार्मिक रोटेशन से कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। जो कार्मिक कार्यालय में नहीं आयेंगे, वे वर्क फर्म होम करेंगे और उन्हें किसी भी समय ड्यूटी पर बुलाया जा सकता है। ऎसे कर्मचारी बिना सक्षम स्वीकृति के मुख्यालय नहीं छोडेंगे।
श्री शर्मा ने बताया कि समस्त राजकीय अधिकारी एवं कर्मचारी, घर से कार्यालय में राजकीय वाहन से अथवा अपना राजकीय परिचय-पत्र दिखाकर आ सकेंगे। अलग से किसी पास की आवश्यकता नहीं होगी। कार्यालय समय में सभी कार्मिक, जो कार्यालय में उपस्थित हैं, वे कार्यालय में ही रहेंगे। किसी भी कारण से कार्यालय परिसर से बाहर नहीं जावेंगे। प्रशासनिक सुधार विभाग राजस्थान जयपुर के परिपत्र निर्देशानुसार संघारित मूवमेंट पंजिका में बिना इन्द्राज किये कार्यालय नहीं छोडेंगे। सभी कार्यालयाध्यक्ष उक्त परिपत्र की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करेंगे। कार्यालयाध्यक्ष इसके लिये व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यालय में उपस्थित होने वाले समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से मास्क का उपयोग करेंगे। भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सोशल डिस्टेंशिंग बनाये रखेंगे। पांच अथवा इससे अधिक व्यक्ति एक स्थान पर एकत्रित नहीं होंगे। गुटखा, तम्बाकू नहीं खायेंगे एवं सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थूकेंगे। ऎसा करने पर कार्यालयाध्यक्ष द्वारा नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।
क्वारेंटाइन केन्द्रों पर है गाईडलाइन के अनुसार व्यवस्थाएं
अजमेर, 19 अपे्रल। कोरोना वायरस महामारी के कारण संचालित क्वारेंटाइन केन्द्रों में सरकार द्वारा जारी गाईडलाइन के अनुसार समस्त व्यवस्थाएं है।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार के द्वारा जारी गाईडलाईन्स के अनुसार किसी रोगी की कोरोना रोग होने की पुष्टि पीसीआर टेस्ट द्वारा नाक एवं गले के अन्दर से रूई की स्टीक पर म्यूकस लेकर जांच करवाई जाती है। म्यूकस रिपोर्ट की प्राप्ति के बाद पूरी तरह जांच से नेगेटिव होने वाले लोगों को ऎहतियात के तौर पर अगले 14 दिन तक क्वारेंटाइन सेन्टर में रखा जाता है। क्वारेंटाइन सेन्टर में किसी भी कोरोना पॉजिटिव या बिना टेस्ट कराये व्यक्ति को नहीं रखा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि क्वारेंटाइन केन्द्रों पर 24 घंटे चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टॉफ की तैनाती होती है। इनके द्वारा सभी लोगों की प्रतिदिन 2 से 3 बार स्वास्थ्य जांच की जाती है। किसी भी व्यक्ति के अस्वस्थ होने की स्थिति में विवेकानुसार तुरन्त चिकित्सा या रैफरल किया जाता है। इन सभी केन्द्रों पर समय-समय पर खाने पीने की सुविधाएं एवं स्वच्छता, सैनिटेशन का पूरा ध्यान रखा जाता है। केन्द्रों पर रहने वाले व्यक्तियों को बाहर नहीं आने दिया जाता है तथा कोई अनाधिकृत व्यक्ति को भी प्रवेश नहीं करने दिया जाता है। समुचित पुलिस व्यवस्था एवं गार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। ये क्वारेंटाइन सेन्टर कोविड-19 से समस्त व्यक्तियों के बचाव के लिए अतिआवश्यक है।
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार भ्रांति या भ्रम में आने की आवश्यकता नहीं है। इन केन्द्रों को स्थापित करने व चलाने में प्रशासन आमजन से यथासंभव सहयोग की अपेक्षा रखता है। कोरोना के विरूद्ध युद्ध में सभी का सहयोग परम आवश्यक है। किसी भी जानकारी, अफवाह अथवा दुष्प्रचार की रिपोर्ट करने के लिए कंट्रोल सेन्टर 0145-2627421, 2623780 तथा मोबाईल नम्बर 9649444007, 7976636871 पर फोन किया जा सकता है।
रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढाने के लिए किया काढे का वितरण
अजमेर, 19 अपे्रल। कोरोना महामारी के प्रसार को रोकने के लिए तैनात समस्त व्यक्तियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढाने के लिए आयुर्वेदिक काढे का वितरण किया जा रहा है।
उप निदेशक डॉ. श्री विनायक कुमार शर्मा ने बताया कि आयुष मंत्रालय भारत सरकार तथा राजस्थान सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार आयुर्वेद विभाग द्वारा वर्तमान मे देश एवं प्रदेश मे फैल रहे कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम एवं जांच कार्य, डोर टू डोर सर्वे कार्य मे लगे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, आयुष विभाग के कर्मियो के साथ पुलिस विभाग, नगर निगम अजमेर के सफाई कार्मिको, आशा एवं आंगनबाडी कार्यकर्ता आदि के स्वास्थ्य को ध्यान मे रखते हुए कोरोना वारियर्स की रोग प्रतिरोधक क्षमता मे वृद्वि के लिए आयुर्वेदिक औषधि से निर्मित क्वाथ का वितरण विगत तीन दिवस से अजमेर शहर के जिला पुलिस अधीक्षक, मुख्य एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अजमेर, उपखंड अधिकारी अजमेर के कार्यालय मे किया जा रहा है ।
उन्होंने बताया कि आयुर्वेद विभाग की निदेशक श्रीमती सीमा शर्मा, अतिरिक्त निदेशक श्री आनन्द कुमार शर्मा द्वारा समय समय पर जारी दिशा निर्देशो के अनुसार आयुर्वेद रसायन शाला अजमेर के व्यवस्थापक डॉ. अखिलानन्द दीक्षित के माध्यम से सूखा क्वाथ प्राप्त करने के पश्चात सहायक निदेशक श्री बाबूलाल कुमावत के निर्देशन मे श्री धनेश चन्द भाट, श्रीमती सुरेश कंवर, श्री देवेन्द्र सिंह राणावत, श्री जितेन्द्र सैनी की टीम का गठन कर कायड चौराहा स्थित उप निदेशक आयुर्वेद विभाग कार्यालय पर रात दिन एक कर क्वाथ के पैकेट तैयार करवाये जा रहे है ।
उप निदेशक के अनुसार अजमेर जिले के विभिन्न उपखंड कार्यालयो द्वारा इस कार्य मे नियुक्त किये गये कोरोना वारियर्स को अधिक से अधिक मात्रा मे क्वाथ के पैकेट उपलब्ध करवाने हेतु कार्यालय परिसर मे क्वाथ के पैकेट तैयार करवाने का कार्य युद्व स्तर पर जारी है । श्री शर्मा के अनुसार क्वाथ के प्रत्येक पैकेट पर क्वाथ निर्माण की विधि एवं सेवन के बारे में जानकारी भी दी जा रही है।