अब तो पाठ्यक्रम तय करें सरकार-देवनानी

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 7 अक्टूबर।
पाठ्यक्रम तय करने में ढिलाई बरतने पर पूर्व शिक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वासुदेव देवनानी ने बुधवार को शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा को पत्र लिखा। देवनानी ने कहा कि शिक्षा सत्र आधा खत्म होने को है लेकिन सरकार की कुंभकरण नींद अभी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। पाठ्यक्रम को लेकर प्रदेश के लाखों छात्र व उनके अभिभावक खासा परेशान है जबकि सरकार के उदासीन रवैये के चलते बोर्ड सहित सभी कक्षाओं का पाठ्यक्रम तय करने का अभी फिलहाल काम ठंडे बस्ते में है।
देवनानी ने कहा कि कोरोना महामारी से उपजे संकट के बीच प्रदेश में सभी स्कूल बंद है। छात्रों की पढाई नहीं चल रही है। इस दौरान जुलाई माह में केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 9वीं से 12वीं कक्षा के सलेबस में 30 प्रतिशत की कटौती कर सभी राज्य सरकारों के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया था। सीबीएसई का निर्णय छात्रों और अभिभावकों को राहत देने हेतु निश्चित ही एक अनूठी मिसाल थी लेकिन यह प्रदेश के छात्रों एवं अभिभावकों का दुर्भाग्य ही है कि आधा सत्र बीत जाने के बाद भी सरकार हाथ पर हाथ धरकर बैठी है। सरकार अब तक छात्रों के लिए पाठ्यक्रम तय नहीं कर पाई है जबकि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के तो महज 5 माह शेष है।
देवनानी ने कहा कि सरकार द्वारा पाठ्यक्रम कटौती करने की चर्चा तो बहुत की गई लेकिन किस यूनिट में कौन-कौनसे अध्याय पढाए जाएंगे और कौन-कौनसे अध्याय हटाए जाएंगे अब तक इस विषय पर निर्णय नहीं हो सका है। सरकार की लापरवाही के चलते विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को मानसिक तनाव का सामना करना पड रहा है।
उन्होंने कहा कि आधा सत्र खत्म होने को है ऐसे में सभी कक्षाओं के पाठयक्रम में पचास प्रतिशत की कटौती करना अवश्यक है। सरकार द्वारा जल्दी ही पाठ्यक्रम तय करने की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए ताकि छात्र उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से ध्यान एकाग्र कर अपना अध्यापन कार्य कर सके लेकिन सरकार ने अब तक इस दिशा में केवल कागजी घोडे दौडाने के अलावा और कुछ भी नहीं किया है जो कि लाखों छात्रों के भविष्य के साथ सीधा सीधा खिलवाड है।

error: Content is protected !!