अजमेर, 20 जनवरी।
पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि आगामी 28 जनवरी को होने वाले नगर निगम के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनवाकर हम सभी प्रधानमंत्री मोदी जी का आभार व्यक्त करे जिन्होंने अजमेर के कायाकल्प तथा यहां के निवासियों का जीवन सरल व सुविधामय बनाने के लिए स्मार्ट सिटी जैसी महत्वपूर्ण योजना स्वीकृत की।
देवनानी बुधवार को भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के चुनिन्दा शहरों में हमारे अजमेर का चयन कर हमें स्मार्ट सिटी योजना की सौगात दी जिसकी बदौलत आज शहर में विकास के अभूतपूर्व कार्य हो रहे है। इस योजना के तहत ही अजमेर में एलीवेटेड रोड का निर्माण हो रहा है जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुधर सकेगी। योजना के तहत सुभाष उद्यान का कायाकल्प, आनासागर झील के चारों और पाथ वे का निर्माण, सीवरेज लाईने, ओपन एअर जिम, अभय कमाण्ड सेंटर, जेएलएन अस्पताल में नये व आधुनिक वार्ड व चिकित्सा सुविधाओं सहित विकास के कई उपयोगी कार्य कराये जा रहे है जिससे शहर के विकास के साथ-साथ नागरिकों को कई जनउपयोगी सुविधाऐं भी मिल सकेगी। देवनानी ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि अजमेर के विकास के लिए भाजपा के प्रत्याशी को ही अपना अमूल्य वोट व समर्थन दे।
देवनानी ने बुधवार को वार्ड 79 से भाजपा प्रत्याशी वीरेन्द्र वालिया, वार्ड 75 से रमेश चेलानी, वार्ड 16 से भारती श्रीवास्तव, वार्ड 5 से अजय वर्मा, वार्ड 64 से रिंकू जादम, वार्ड 9 से अंजली ढंजा तथा वार्ड 76 से भाजपा प्रत्याशी अतीश माथुर के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर निवर्तमान महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, सीताराम शर्मा, महेन्द्र जादम, जयकिशन पारवानी, प्रकाश मेहरा, बाबूसिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित थे।