दिव्यांगो को 473 अंग उपकरण किए वितरित

विशेष योग्यजन अंग उपकरण वितरण शिविर आयोजित
ब्यावर,(हेमन्त साहू)। जिला प्रशासन तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वाधान में विशेष योग्यजन अंग उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 473 अंग उपकरण वितरित किए गए। सामजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री प्रफुल्ल चन्द्र चौबीसा ने बताया कि ब्यावर उपखण्ड अधिकारी श्री राम प्रकाश की अध्यक्षता में दिव्यांगजन अंग उपकरण वितरण का आयोजन संजय स्कूल ब्यावर में शुक्रवार को किया गया। कार्यक्रम में उपखण्ड अधिकारी ने कहा कि दिव्यांगजनों से संबंधित कार्यों को संवेदनशील होकर करना चाहिए। इन्हें लाभान्वित करने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने शिविर की सफलता के लिए इन्द्रप्रस्थ गैस, अलिम्को ,सीफार व समाज कल्याण विभाग को बधाई दी। विशेष योग्यजनों के अंग उपकरण के साथ ही स्वरोजगार व शिक्षा से जोडने पर भी जोर देना चाहिए। इन्द्रप्रस्थ गैस द्वारा सामुदायिक उत्तरदायित्व के अन्तर्गत यह शिविर आयोजित किया गया। अन्य कम्पनियों को भी इसी प्रकार समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। मुख्य अतिथि श्री पारस पंच ने कहा कि सरकार विशेष योग्यजनों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। अंग उपकरण प्राप्त करना प्रत्येक दिव्यांग का अधिकार है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से नियमानुसार आवेदन कर अंग उपकरण प्राप्त कर सकते है। इन्द्रप्रस्थ गैस प्राईवेट लिमिटेड के विपणन अधिकारी श्री नितिन वैष्णव ने कहा की दिव्यांगजनों की मदद के लिए आईपीजीएल सदैव तत्पर है। इस प्रकार के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य करके खुशी महसूस होती है। भविष्य में भी इसी प्रकार समाज कल्याण के कार्यों में आवश्यकतानुसार सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। श्री चौबीसा ने बताया कि शिविर मेंं 24.87 लाख रूपये के 473 अंग उपकरण वितरित किए गए। इनमें 2 मोटराईज्ड ट्राईसाइकिल, 20 ट्राई साइकिल, 84 व्हील चेयर, मानसिक विमंदित छात्रों के अध्ययन संबिंधत 159 एमएसआईइडी किट, 62 हियरींग ऎड, 24 बैसाखी एवं स्टीक्स, 4 रोलेटर, 2 डेजी प्लेयर, 33 श्रवण यंत्र, एक स्मार्ट केन, 100 कृत्रिम पैर एवं केलिवर शामिल है। इससे 259 दिव्यांग लाभान्वित हुए। विशेष योग्यजन अंग उपकरण शिविर जिले में 25 अगस्त से आरम्भ हुए थे। आयोजित तीन शिविरों में 528 दिव्यांगों को 950 अंग उपकरण वितरित किए। इनकी लागत लगभग 54 लाख रही। उन्होंने बताया कि शिविर में दिव्यांगजनों से संबधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। दिव्यागों को छात्रवृति योजना, सुखद दाम्पत्य जीवन योजना, स्वरोजगार योजना आदि से जुड़कर लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में जिला परिवीक्षा एवं कारागृह कल्याण अधिकारी श्री रजत गुप्ता, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री विनीत कुमार, राजस्थान महिला कल्याण मंडल के निदेशक श्री राकेश कुमार कौशिक सहित सामाजिक कार्यकता एवं अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!