केकडी 2 अक्टूबर(पवन राठी)
राजकीय महाविद्यालय केकडी़ में आज राष्ट्रीय सेवा योजना एवं योजना मंच के संयुक्त तत्वावधान मे गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने छात्रों को शास्त्री जी एवं गांधीजी के जीवन चरित्र के बारे में जानकारी दी। गांधी के रामराज्य पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने बताया कि गांधी ने अहिंसक समाज, सत्ता के विकेंद्रीकरण, सर्वोदय समाज,स्वावलंबन, स्वराज पर जोर दिया। भारत के नए इतिहास की रचना गांधी की देन है। नैतिक बल व आत्मबल से युक्त व्यक्ति कुछ भी करने में सक्षम है। गांधी के विचारों की सार्थकता तभी है, जब किसी को कोई कष्ट नहीं हो, सभी की आवश्यकताएं न्यूनतम हो। केवल आयोजन करने से गांधी के विचारों का कोई औचित्य नहीं है बल्कि गांधी के विचारों को आत्मसात करने का समय आ गया है। सुनील वर्मा विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान ने गांधी के बुरा मत सुनो,बुरा मत देखो, बुरा मत कहो पर बल देते हुए कहा कि छात्रों को इन्हें अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि गांधी को जानने से पूर्व विनोबा भावे को पढ़ना होगा। गांधी के विचारों ने राष्ट्र को नई दिशा दी । राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डाॅ नीता चौहान ने इस अवसर पर छात्रों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य से अवगत कराया। इसके अलावा स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत गांधी के राम राज्य एवं मजबूत लोकतंत्र पर अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ प्रताप पिंजानी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा गांधी के बताए रास्ते पर छात्रों को चलना होगा तभी एक सुंदर स्वस्थ समाज की रचना हो सकेगी। महाविद्यालय प्राचार्य श्री पीयूष कुमार गुप्ता ने इस अवसर पर सभी को स्वच्छता की शपथ दिलवाई। कार्यक्रम का संचालन डाॅ अनिता रायसिंघानी ने किया। कार्यक्रम में डॉ अनिल दाधीच, चेतन लाल रेगर , विनय शर्मा, मान सिंह कनौजिया,बृजेश शर्मा, गणपत जाट, विजय,हुसैन सहित छात्र उपस्थित थे।
