केकडी 8 दिसम्बर(पवन राठी)
अर्हता दिनांक 01.01.2022 के संदर्भ में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र केकड़ी में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। जिसके तहत 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण हेतु विधानसभा क्षेत्र केकड़ी में विशेष प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिसके तहत विधानसभा क्षेत्र केकड़ी में विभिन्न प्रकार की सहायक गतिविधियां भी संचालित की जा रही है। इस कड़ी में आज केकड़ी में राजपुरा रोड स्थित आदिनाथ वाटिका में चल रहे पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव स्थल पर मतदाता साक्षरता हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर उपस्थित व्यक्तियांे को मतदाता हेल्प ऐप की जानकारी दी गई एवं उपस्थित व्यक्तियों के मोबाइल में ऐप डाउनलोड करवा 18-19 आयु वर्ग के अधिकाधिक योग्य मतदाताओं का पंजीकरण मतदाता हेल्प ऐप के माध्यम से करने हेतु प्रेरित किया गया। मतदाता साक्षरता हेतु कार्यालय निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एस.डी.एम.) केकड़ी से स्वीप प्रभारी डॉ. विष्णु कुमार तेली, पंकज मेवाड़ा सुपरवाईजर कैलाश चंद जैन, स्थानीय बीएलओ लोकेश नाथ योगी, नंदलाल गर्ग, मनीष जैन, राहुल जैन एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस मौके पर डॉ. विष्णु कुमार तेली ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत ऐसे मतदाता जिन्होनें 01.01.2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है अपना नाम मतदाता सूची में दिनांक 10.12.2021 तक जुड़वा सकते है। इसके लिए मतदाता/आवेदक ऑफलाइन आवेदन के साथ आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न ऑनलाईन पोर्टल पर जैसे मतदाता हेल्पलाईन ऐप, 1950, गरूड़ा ऐप एवं नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल पर भी आवेदन कर सकते है। इस हेतु आयोग के निर्देशानुसार कार्यक्रम का व्यापक प्रचार प्रसार विधानसभा क्षेत्र केकड़ी में किया जा रहा है एवं आयोग एवं श्रीमान जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) के निर्देशानुसार एवं श्री विकास पंचोली, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एस.डी.एम.) के मार्गदर्शन में स्वीप प्रकोष्ठ, केकड़ी का पूरा प्रयास है कि 18-19 आयु वर्ग का कोई मतदाता न छूटे एवं हम आगे भी इस प्रकार की गतिविधियां विधानसभा स्तर पर करते रहेंगें।