विजय दिवस पर कांग्रेसियों ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

अजमेर ! विजय दिवस की 50 वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा बजरंगढ़ स्थित विजय स्मारक पर पूर्व विधायक डॉ राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों एवं बुद्धिजीवियों ने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ राजकुमार जयपाल ने कहा कि विजय दिवस पूरे देश के लिए आन-बान-शान का प्रतीक है। भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस ने 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान को पराजित कर बांग्लादेश बना दिया, पाकिस्तान की सेना को घुटनों पर ला दिया। इस युद्ध में सेना के जवानों की शहादत को हम गर्व से याद करते हैं। उनकी कुर्बानी को कोई नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि देश की पहली महिला प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी ने इस युद्ध के जरिए उपमहाद्वीप का इतिहास ही नहीं भूगोल भी बदलकर रख दिया। स्व. इंदिरा गांधी ने एक सशक्त महिला प्रधानमंत्री के रूप में देश को नेतृत्व प्रदान किया जिससे पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ा। भारत-पाकिस्तान युद्ध में 90 हजार से अधिक सैनिकों ने समर्पण किया। बांग्लादेश के उदय से पूरी दुनिया में भारत की सैनिक ताकत का लोहा माना गया। हमें इस बात का गर्व है कि युद्ध के दौरान कांग्रेसियों ने पश्चिमी बंगाल में लगे शरणार्थी शिविरों में जाकर शरणार्थियों की सेवा की।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती में हर गांव, हर परिवार में नौजवान मिलेंगे, जिन्होंनें सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने आप को कुर्बान कर दिया। देश की आन-बान-शान के लिए जान की बाजी लगा देने वाले सभी शहीद सैनिकों को हम विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी चिकित्सा प्रकोष्ठ के निवर्तमान उपाध्यक्ष डॉ संजय पुरोहित महासचिव डॉ जी एस बुंदेला जिला अध्यक्ष डॉ मयंक सुभम डॉ मंसूर अली डॉ सतीश शर्मा डॉ सुरेश गर्ग अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान उपाध्यक्ष कुलदीप कपूर फकरे मोइन महासचिव शिव कुमार बंसल अशोक बिंदल अरुणा कच्छावा पार्षद हेमंत जोधा नितिन जैन कुशाल कोमल आदि ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

error: Content is protected !!