समयबद्धता के प्रति संकल्पित आरपीएससी

परीक्षा, परिणाम, साक्षात्कार व अभिस्तावना का कार्य द्रुत गति से संपन्न

अजमेर, 4 जनवरी। कम समय में बड़े बदलाव और सीमित समय में नई व्यवस्थाएं खड़ी की जा सकती है यह सिद्ध किया है राजस्थान लोक सेवा आयोग ने। आयोग द्वारा गत एक माह के दौरान प्राध्यापक- हिन्दी एवं अंग्रेजी/संस्कृत शिक्षा विभाग,2018, सहायक वन संरक्षक एवं वन रेंजर ग्रेड प्रथम, 2018 के लंबित परिणामों को जारी करने के साथ-साथ उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर जैसी भर्ती परीक्षाओं का परिणाम घोषित किया गया। अभ्यर्थियों को राहत देते हुए आयोग द्वारा गत् दिसम्बर माह में 8 विभिन्न परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए गए। इसी दौरान साक्षात्कार व परीक्षा का आयोजन भी आयोग द्वारा किया गया।
वर्ष 2022 में प्रस्तावित भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर आयोग द्वारा घोषित किया जा चुका है। कैलेंडर में 76 आगामी भर्ती परीक्षाएं सम्मिलित हैं। आयोग अध्यक्ष डाॅ. शिव सिंह राठौड ने बताया कि राज्य सरकार से अभ्यर्थनाओं की प्राप्ति अनुसार अन्य भर्ती परीक्षाओं की दिनांक भी कैलेंडर में समाहित कर समय-समय पर घोषित की जाती रहेंगी।

918 अभिस्तावना प्रेषित व 40 डीपीसी बैठकों का आयोजन
डाॅ..राठौड़ ने बताया कि दिसम्बर माह के दौरान कृषि अधिकारी व सहायक अभियंता सहित 4 भर्ती परीक्षाओं के लिए कुल 918 अभ्यर्थियों की अभिस्तावना आयोग द्वारा संबंधित विभागों को भिजवाई जा चुकी है। आयोग में 40 पदोन्नति समिति बैठकों का आयोजन दिसम्बर माह में किया गया। इनके माध्यम से कुल 335 कार्मिकों को पदोन्नति का लाभ प्राप्त हुआ। उत्तर कुंजी सत्यापन के लिए 5 कार्यशालाओं का आयोजन किया गया व 15 अंतिम उत्तर कुंजिया जारी की गई। विभिन्न सेवा नियमों में संशोधन के संबंध में ग्रामीण विकास और पंचायती राज सहित 4 विभागों को सहमति आयोग द्वारा दी गई। इसी प्रकार अनुकंपात्मक नियुक्ति के 3 प्रकरणों पर विचार कर आयोग द्वारा सहमति प्रेषित की गई।

वन टाइम रजिस्ट्रेशन शीघ्र होगा लांच
डाॅ..राठौड़ ने बताया कि आयोग गो ग्रीन इनिशिएटिव के साथ पेपरलेस प्रक्रियाओं को सदैव बढ़ावा देता रहा है। वन टाइम रजिस्ट्रेशन के माध्यम से अभ्यर्थियों को आवेदन के समय बार-बार पूर्ण विवरण देने की आवश्यकता नहीं रहेगी। इसके माध्यम से आवेदन के दौरान होने वाली त्रुटियों तथा आवेदन में लगने वाले समय को भी कम किया जा सकेगा। आयोग द्वारा इस प्रक्रिया को लांच करने के तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। संभवत इसी माह में इसे लांच किया जा सकेगा।

error: Content is protected !!