सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रही लड़कियों को हटाने के लिए पुलिस ने एक बार फिर बल प्रयोग किया। पुलिस ने उन्हें जबरन वहां से हटाने का प्रयास किया। फिर भी जब वे नहीं हटीं, तो पुलिस ने 16 लड़कियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें चार घंटे तक संसद मार्ग थाने में बैठाए रखा।
लड़कियों के अभिभावकों के पहुंचने पर ही उन्हें रिहा किया गया। हालांकि पुलिस आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। जंतर मंतर पर करीब 200-250 लोग गैंगरेप के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। वे महिलाओं के लिए बेहतर सुरक्षा की मांग कर रहे थे। साथ ही दुष्कर्म के मामले में सख्त सजा की मांग कर रहे थे। इसी क्रम में पुलिस ने बल प्रयोग शुरू कर दिया और 16 लड़कियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि लड़कियां गाली गलौज कर रही थीं और पुलिस बैरिकेड तोड़ने का प्रयास कर रही थी।