नीतीश छोड़ मोदी के शपथग्रहण में पहुंचे एनडीए के सभी सीएम

विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत का परचम लहराने वाले नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। लगातार चौथी बार राज्य के मुख्यमंत्री की कमान संभालने वाले मोदी ने गुजराती भाषा में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने के लिए दो सौ से ज्यादा वीआइपी मौजूद थे। इसमें सबसे ज्यादा आकर्षण के केंद्र राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे रहे। इसके साथ ही बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी और तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता ने भी समारोह में शिरकत की।

ताजपोशी के लिए सरदार पटेल स्टेडियम को दुल्हन की तरह सजाया गया था। पूरा स्टेडियम लोगों से खचाखच भरा हुआ था। इस मौके पर भाजपा के आला नेता, सात राज्यों के मुख्यमंत्री, कई बॉलीवुड अभिनेताओं और साधु-संतों समेत दो सौ से ज्यादा वीवीआइपी मौजूद थे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पहले ही आने से मना कर दिया था। वहीं मीडिया में इस बात की चर्चा भी जोरों पर थी कि मोदी ने नीतीश कुमार को आमंत्रण नहीं भेजा है।

गुजरात में भाजपा को पिछली बार से से दो कम यानि 115 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को 61 सीटों से ही संतोष करना पड़ा।

भाजपा ने 2001 में केशुभाई पटेल को हटाकर मोदी को पहली बार मुख्यमंत्री बनाया था। उसके बाद वे 2002 और 2007 में चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने थे।

मेहमानों की सूची :-

भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण अडवाणी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी, नेता विपक्ष अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, वेंकैया नायडू, नवजोत सिद्धू, हेमा मालिनी, स्मृति इरानी, परेश रावल, मनसे नेता राज ठाकरे, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, विहिप के अशोक सिंहल, गोपीनाथ मुंडे, भय्यू जी महाराज, विवेक ओबेराय, सुरेश ओबेराय, ओम प्रकाश चौटाला, राजीव प्रताप रूडी, रविशंकर प्रसाद, प्रतिभा आडवाणी, प्रकाश जावड़ेकर, सीपी ठाकुर, किरण खेर, विजय गोयल, अनंत कुमार, सुब्रत राय, रामदास अठावले आदि।

मुख्यमंत्री : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमण सिंह, झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार, तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी।

error: Content is protected !!