‘पहली पोथी सम्मान योजना’ समारोह-2022
जयपुर। ‘पहली पोथी सम्मान योजना’ समारोह – 2022, एम.आई.रोड स्थित होटल ग्रांट चाणक्य में गरिमामय रूप से सम्पंन हुआ। सम्मान समारोह के अंर्तगत 2022 के विजेता भोपाल निवासी विजयकांत वर्मा को उनकी काव्य कृति ‘आठवां सुर’ के लिए ₹11000/- नगद, श्रीफल, स्मृति चिन्ह तथा शॉल उढ़ाकर सम्मानित किया गया । चांदा (महाराष्ट्र) में जन्मे प्रोफेसर विजय कांत वर्मा पेशे से इंजीनियर हैं, संप्रति डॉक्टर सी वी रमन विश्वविद्यालय के चांसलर हैं तथा पांच विश्वविद्यालयों के आइसेक्ट ग्रुप ऑफ़ यूनिवर्सिटीज के कोर रिसर्च ग्रुप के निर्देशक भी हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इतिहास के प्रोफेसर एवं हिंदी के जाने माने साहित्यकार डॉ. सुरेंद्र डी सोनी, विशिष्ट अतिथि हिंदी- राजस्थानी भाषा के वरिष्ठ साहित्यकार कल्याण सिंह शेखावत एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं अनुवादक एस.भाग्यम शर्मा ने की। विजेता रचनाकार प्रोफेसर विजय कांत वर्मा इस पुरस्कार को प्राप्त कर अभिभूत होते हुए अपने जीवन में अमृत की बूंद के समान बताते हुए इस पुरस्कार की गरिमा बढ़ाई। उन्होंने योजना एवं संस्थापक का आभार व्यक्त करते हुए अपनी प्रतिनिधि रचनाओं का पाठ किया। उनकी ‘नई पीढ़ी का जानलेवा प्रश्न’ और ‘हर बार धर्म को न्याय मिले, यह बात मुमकिन नहीं’ पंक्तियों ने बहुत प्रभावित किया।
निर्णायक मंडल 2022 के सदस्य एवं मुख्य अतिथि प्रोफेसर सुरेंद्र डी सोनी ने विजेता को बधाई देते हुए एवं योजना की अनूठी सोच की प्रशंसा की। साथ ही विजेता रचनाकार के रचना कर्म पर प्रकाश डालते हुए उनके प्रकृति प्रेम की सराहना की। निर्णायक मंडल 2022 के सदस्य एवं विशिष्ठ अतिथि कल्याण सिंह शेखावत ने साहित्य के हित में इस प्रकार की पहल को बहुत ही अच्छा बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं वरिष्ठ साहित्यकार एस भाग्यम शर्मा ने वरिष्ठ साहित्यकारों के लेखन को सम्मानित कर उसे समाज के समक्ष लाने के पुनीत कार्य के लिए नूतन गुप्ता की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थापिका नूतन गुप्ता ने ‘पहली पोथी सम्मान योजना’ की विस्तृत जानकारी देते हुए विजेता को बधाई दी एवं कार्यक्रम में उपस्थित सभी का आभार प्रकट किया । कार्यक्रम का संचालन सुनीता बिश्नोलिया ने किया ।