बम धमाके में उड़ाना चाहते थे आरोपी रामसिंह का घर

दिल्ली गैंगरेप कांड के गिरफ्तार मुख्य आरोपी राम सिंह के घर को बम से उड़ाने की साजिश रचने वाले तीन युवकों को दिल्ली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि दिल्ली गैंगरेप की घटना से आरकेपुरम में सेक्टर 3 की रविदास कैंप झुग्गी में रहने वाले लोग सदमे में है। इस मामले में राम सिंह का नाम आने के बाद से ही यहां के लोगों का सर शर्म से झुक गया है।

एक चश्मदीद के मुताबिक रामसिंह का घर पूछने के लिए यह तीन युवक उसके पास आए थे। मकान पता लगने पर युवकों ने महिला को तुरंत वह जगह खाली करने को कहा। उन्होंने कहा कि वह यहां रामसिंह का घर बम से उड़ाने आएं हैं लिहाजा वह जल्द से जल्द यहां से चली जाए। इतना सुनकर महिला तुरंत वहां से हट गई और उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक यह युवक एक ऑटो में सवार होकर आरके पुरम की इस कालोनी में आए थे। उनके पास बम की तरह दिखाई देने वाली कुछ चीज भी थी। पुलिस को आता देख इन युवकों ने भागने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस तीन युवकों को पकड़ने में कामयाब हो गई, जबकि कुछ अन्य फरार हो गए। पुलिस जानकारी में यह बात भी सामने आई है युवकों के पास दीवाली पर छोड़े जाने वाले बम पटाखे थे। अब पुलिस युवकों को हिरासत में लेकर उनकी मंशा जानने की कोशिश करही है। गौरतलब है दिल्ली गैंगरेप की घटना के बाद से ही लोगों में रोष व्याप्त है, हर कोई रामसिंह समेत अन्य सभी आरोपियों को जल्द से जल्द फांसी पर झूलते देखना चाहता है।

error: Content is protected !!