राष्ट्र स्तरीय गांधीवादी संस्थाओं का सम्मेलन होगा

अजमेर 23 फरवरी।राष्ट्र स्तरीय गांधीवादी संस्थाओं का सम्मेलन अजमेर में आगामी 25 एवं 26 फरवरी को होगा। इसमें विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा नवगठित शांति एवं अंहिसा विभाग के द्वारा गांधीजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कई गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में देश भर की गांधीवादी संस्थाओं के प्रतिनिधियों का सम्मेलन अजमेर में निर्धारित किया गया है। यह अजमेर के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्र स्तरीय गांधीवादी संस्थाओं का सम्मेलन कोटड़ा स्थित महात्मा गांधी स्मृति उद्यान मेें किया जाएगा। इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा गुरूवार को किया गया था। यह उद्यान स्मार्ट सिटी परियोजना के अन्तर्गत निर्मित हुआ है। इसमें गांधीजी की कांस्य प्रतिमा, गांधी जी के तीन बन्दर, चरखा, लाईबे्ररी एवं मुराल के माध्यम से गांधी दर्शन को जीवन्त किया गया है। इससे सम्मेलन के प्रतिभागियों के साथ-साथ आमजन को भी प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि देशभर के गांधीवादी विचारकों को राजस्थान की लोक संस्कृति से परिचय करवाने के लिए भी गतिविधियां प्रस्तावित की गई है। इसके अन्तर्गत राज्य के विश्व प्रसिद्ध लोक कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को भी स्थान दिया गया है। इनके द्वारा गांधीजी के प्रिय भजनों को प्रस्तुत किया जाएगा। राजस्थान के लंगा गायन शैली, कालबेलिया नृत्य और कच्छी घोड़ी नृत्य का प्रस्तुतिकरण प्रस्तावित है।

error: Content is protected !!