केकडी 4 मार्च (पवन राठी)
प्रधानाध्यापक रामेश्वर चौहान ने बताया, कि वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्यअतिथि सत्येंद्र सिंह राठौड़ व्यवसायी एवं सामाजिक कार्यकर्ता अजगरी, विशिष्ट अतिथि अजय तोषनीवाल पूर्व छात्र एवं व्यवसायी किशन प्रकाश सोनी व्यवसायी, मुख्य वक्ता नवीन कुमार झा प्रचार प्रमुख राजस्थान क्षेत्र, निरीक्षक विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत तथा रघुवीर सैनी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलन के साथ शुरु हुआ। कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों का परिचय राजेश शर्मा सह सचिव विद्यालय प्रबंध समिति ने करवाया। अतिथियों का स्वागत- सत्कार विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों एवं प्रधानाध्यापक द्वारा तिलक लगाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रामेश्वर चौहान ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया, कि नवीन सत्र 2023 – 2024 से इस विद्यालय को उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत करने के लिए आवेदन कर दिया गया है।
इस अवसर पर अजय तोषनीवाल ने अपने उद्बोधन ने बताया, कि इस विद्यालय में भैया-बहिनों को संस्कार युक्त शिक्षा दी जाती है।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता नवीन कुमार झा ने अपने उद्बोधन में बताया , कि शिक्षा के माध्यम से लोगों में परिवर्तन आता है, तथा वे देशभक्त, नागरिक बनते हैं। विद्यालय में संपन्न होने वाले छोटे-छोटे कार्यक्रमों द्वारा बच्चों में नेतृत्व क्षमता, स्वावलंबन, राष्ट्र भक्ति की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय के भैया- बहिनों द्वारा पर्यावरण- संरक्षण पर आधारित अभिनय गीत “न काटो मुझे” तथा माध्यमिक भैयाओं द्वारा देश भक्ति पर आधारित सामूहिक अभिनय गीत “संदेशे आते हैं” की प्रस्तुति श्रेष्ठ रही।
वार्षिकोत्सव में पैरोडी नृत्य, घोष एवं एकांकी प्रदर्शन, पिरामिड प्रदर्शन व एकल गीत की भी प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहिनों, अखिल भारतीय स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ियों, संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सर्वाधिक विद्यालय जोड़ने वाले आचार्य-दीदियों, तथा सर्वाधिक सेवा निधि एकत्र करने वाले आचार्य -दीदियों एवं भैया- बहिनों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति बिरदी चंद वैष्णव अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन समिति ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जयसिंह जिला मंत्री विद्या भारती संस्थान अजमेर, संजय शर्मा जिला सचिव विद्या भारती संस्थान अजमेर,विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन बहिन महिमा वर्मा तथा भैया अभिजीत जैन ने किया।