पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज का 42वां जेपी मेमोरियल लेक्चर

हिंदू एक धर्म है और हिंदुत्व एक राजनीति है

23 मार्च 2023। उपरोक्त बातें पीयूसीएल से जुड़े मानवाधिकार कार्यकर्ता और दलित अधिकार कार्यकर्ता भंवर मेघवंशी ने पीयूसीएल द्वारा आयोजित 42वे जय प्रकाश नारायण मेमोरियल लेक्चर में कही।इस बार इसका विषय था “हिंदुत्व की राजनीति और दलित”। यह मेमोरियल लेक्चर पीयूसीएल के संस्थापक सदस्य जय प्रकाश नारायण की याद में हर साल किया जाता है। 23 मार्च 1977 वह दिन है, जब जन आंदोलनों और जनवादी ताकतों के प्रतिरोध के आगे झुकते हुए इंदिरा गांधी ने 26 जून 1975 को देश पर थोपी गई इमरजेंसी हटाई थी।

जय प्रकाश नारायण इस तानाशाही राज के खिलाफ हुई लड़ाई के एक प्रमुख किरदार थे। इसलिए हर साल 23 मार्च को जय प्रकाश नारायण यादगार दिन के रूप में मनाया जाता है।

स्वराज विद्यापीठ में आयोजित इस व्याख्यान में बोलते हुए भंवर मेघवंशी ने कहा हिंदुत्व विशुद्ध राजनीतिक अवधारणा है, जो सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के आवरण में सवर्ण वर्चस्ववाद की पुनर्स्थापना का प्रोजेक्ट है जिसका इस्तेमाल राजसत्ता, धर्मसत्ता और अर्थसत्ता को कब्जाने के लिए किया जा सके।

भंवर मेघवंशी प्रख्यात लेखक और मानवाधिकार कार्यकर्ता हैं। अपनी किशोरावस्था में वे आरएसएस से जुड़े थे, वहां रहकर उन्होंने संघ की विचारधारा के तौर पर धर्म के साथ जाति के बंटवारे को न सिर्फ देखा, बल्कि दलित होने के नाते उसे झेला भी। जल्द ही उनका संघ से मोहभंग हो गया और वे संघ का पर्दाफाश कर सबको जोड़ने वाले मानवाधिकार कर्मी बने। पेशे से वे पत्रकार हैं। उन्हें बेस्ट सिटीजन जर्नलिस्ट अवार्ड और अंतरराष्ट्रीय अंबेडकर अवार्ड सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं। संघ की विभाजनकर राजनीति का पर्दाफाश करने वाली उनकी किताब ” मैं एक कारसेवक था” बेहद चर्चित और लोकप्रिय है। इसी वर्ष उनकी एक और पुस्तक “बाबा साहेब के नाम पर” प्रकाशित हुई है। इनके अलावा वर्ण व्यवस्था की अमानवीयता को उजागर करने वाली उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।

अपने विचारोत्तेजक वक्तव्य में उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर जब अछूतों के अधिकार के लिए लड़ रहे थे तो हिंदुत्व के पैरोकार कहां थे? वे दलितों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ नहीं बल्कि विरोध में खड़े थे, हिंदुत्व की राजनीति ने हर कदम पर उनका अपमान किया। 1 घंटे के लिखित वक्तव्य में उन्होंने दलितों के संघ और हिंदुत्व की राजनीति का हिस्सा बनने पर भी सवाल उठाए और इस राजनीति से बाहर आ कर सबको जोड़ने की राजनीति से जुड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने अपना आरएसएस से जुड़ने और निकलने का रोचक अनुभव भी श्रोताओं को बताया।उनके वक्तव्य के बाद 1 घंटे के सवाल जवाब के सत्र भी काफ़ी रोचक था।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीयूसीएल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि किरण जैन ने इमरजेंसी और उसके बाद हिंदुत्व के विकास पर रोशनी डाली और आने वाले समय के लिए लोगों को आगाह किया।

कार्यक्रम का संचालन करतें हुए पीयूसीएल की सीमा आज़ाद ने कहा, इस राजनीति को चुनाव में हराने तक नहीं सीमित करना चाहिए बल्कि इसके आगे भी जाने की बात सोचना चाहिए।कार्यक्रम में शहर के जाने माने बुद्धिजीवी, वकील, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र, महिला संगठन, एलजीबीटी समुदाय और अंबेडकरवादी संगठनों के लोग शामिल थे।

error: Content is protected !!