“बिपरजोय“ से प्रभावितों को आपदा प्रबंधन कोष से मिले सहायता- देवनानी

सीएम गहलोत को पत्र लिख मांग की

वासुदेव देवनानी
अजमेर 21 जून। पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री और अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर बिपरजोय चक्रवती तूफान से अजमेर में हुई तबाही और नुकसान से पीड़ित लोगो को आपदा प्रबंधन कोष से राहत देने की मांग की है और जिन इलाकों में भारी बारिश और तूफान के कारण जो नुकसान हुआ है उसके लिए विशेष आर्थिक पैकेज घोषित कर मुआवजा देने की मांग की है।
देवनानी ने सीएम को लिखे पत्र में जिला प्रशासन की लापरवाही का भी जिक्र किया और कहा की मौसम विभाग द्वारा अजमेर को रेड अलर्ट चेतावनी देने के बाद भी प्रशासनिक तौर पर कोई व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते रविवार और सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश से शहर की सागर विहार, वन विहार, अरिहंत कॉलोनी, महावीर कॉलोनी, वैशाली नगर, प्रताप नगर, वार्ड 67 शिवाजी पार्क, नागफणी, ब्रह्मपुरी, तोपदड़ा, भजनगंज, राबड़िया मोहल्ला, गुलाबबाड़ी सहित दो दर्जन से अधिक कॉलोनियां जलमग्न हो गई और कई मकान भी गिर गए।
देवनानी ने संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू असपताल प्रशासन की नाकामी का भी जिक्र किया और बताया की अस्पताल प्रशासन ने भी कोई पूर्व तैयारी नही की जिसके कारण असपताल में पानी भर गया। उन्होंने कहा की अस्पताल का ड्रेनेज सिस्टम फेल होने के कारण वार्डो और असपताल परिसर से जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है और जगह जगह कचरे के ढेर लगे हुए है। जिसके कारण अस्पताल ने पूर्व से भर्ती और नए मरीजों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
देवनानी ने कहा की बिपरजोय से निपटने में प्रशासन का कुप्रबंधन नजर आया और इस आपदा का सामना करने के इंतजाम नहीं किए गए। सिर्फ कागजी एडवाइजरी के कारण तूफान से निपटने की प्रशासन की तैयारी धरी रह गई। जिला प्रशासन ने ना तो टास्क फोर्स का गठन किया और ना ही निचले इलाकों में भारी बारिश का पानी जाने से रोकने और प्रभावितों को अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने व पुनर्वास की कोई वैकल्पिक व्यवस्था की।
देवनानी ने पत्र में मुख्यमंत्री से अजमेर शहर के जिन इलाकों में भारी बारिश और तूफान के कारण जो नुकसान हुआ है, उसके लिए विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा एवं संभाग के सबसे बड़े जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में व्याप्त अवयव्स्थाओं को भी शीघ्र दुरूस्त करवाने के लिए लिखा।

error: Content is protected !!