परीक्षा प्रवेश-पत्र में छेडछाड़ कर जालसाजी के आरोपी अभ्यर्थी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज

पात्रता जांच दौरान सामने आया प्रकरण

अजमेर, 14 दिसंबर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा रेवेन्यू ऑफिसर ग्रेड-द्वितीय एवं राजस्व अधिकारी ग्रेड-चतुर्थ की परीक्षा के प्रवेश-पत्र में जालसाजी कर परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। आयोग सचिव ने बताया कि उक्त परीक्षा के तहत विचारित सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों की पात्रता जांच के दौरान दिनांक 13 दिसंबर 2023 को आरोपी अभ्यर्थी के उपस्थिति-पत्रक का मिलान विस्तृत आवेदन-पत्र के साथ संलग्न की गई फोटो एवं हस्ताक्षर से तथा आयोग के पास उपलब्ध अभ्यर्थी के ऑनलाइन रिकार्ड से करवाया गया। इस जांच दौरान अभ्यर्थी द्वारा ऑनलाइन आवेदन में अपलोड की गई फोटो, काउंसलिंग दौरान विस्तृत आवेदन पर चस्पा की गई फोटो एवं परीक्षा केंद्र पर प्रस्तुत किए गए उपस्थिति-पत्रक पर मौजूद स्कैन्ड फोटो में अंतर पाया गया। इससे अभ्यर्थी पुष्पेन्द्र कुमार मीना द्वारा परीक्षा केंद्र पर प्रस्तुत किए जाने वाले उपस्थिति-पत्रक की स्कैन्ड फोटो को जालसाजी कर रूपांतरित किया जाना प्रकट हुआ। इसके साथ ही आरोपी अभ्यर्थी द्वारा आयोग द्वारा जारी प्रवेश-पत्र में अंकित जन्म दिनांक 1.09.1991 में भी हेरफेर कर 01.09.1997 कर दिया गया। प्रकरण में अनुसंधान एवं कानूनी कार्यवाही के लिए आयोग के सहायक अनुभाग अधिकारी श्री शिवराज द्वारा पुलिस थाना सिविल लाइन, अजमेर में आरोपी अभ्यर्थी के विरूद्ध 13 दिसंबर 2023 को मामला दर्ज करवाया गया है।

उल्लेखनीय है कि आयोग द्वारा इस परीक्षा का आयोजन 14 मई 2023 को किया गया था। इसके फलस्वरूप पात्रता जांच के लिए विज्ञापित पदो ंके विरुद्ध दो गुना अभ्यर्थियों की विचारित सूची 21 नवंबर 2023 को जारी की गई थी। इसमें सम्मिलित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग का आयोजन 11 दिसंबर से 13 दिसंबर 2023 तक किया गया था।

error: Content is protected !!