– 15 मई तक शुरू होगी फॉयसागर से जलापूर्ति
– 10 मई तक हैण्डपम्प व ट्यूबवैल खुदवाने का काम होगा पूर्ण

अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों लोग विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी से उनके निवास पर मिले। उन्होंने श्री देवनानी को उत्तर विधानसभा क्षेत्र में हो रही पेयजल की किल्लत से अवगत कराया। इस पर श्री देवनानी ने जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और अधिशाषी अभियंता से बात कर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि तमाम निर्देशों और मॉनिटरिंग के बावजूद जलापूर्ति की गाड़ी पटरी पर क्यों नहीं आ पा रही है। शहर में 48 घंटे में जलापूर्ति होनी चाहिए। कई इलाकों में तीन से चार दिन में कम प्रेशर से और अपर्याप्त जलापूर्ति की जा रही है। ऐसा क्यों हो रहा है? जो भी अफसर इसके लिए जिम्मेदार हैं, उनकी जवाबदेही तय की जाए। लापरवाह कार्मिकों और अफसरों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। जलापूर्ति तुरंत नियमित की जाए।
विधानसभा अध्यक्ष ने जलदाय विभाग को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के तहत अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में लोहागल, माकड़वाली, ईदगाह, रावत नगर, बस स्टैण्ड के पीछे सैनिक स्कूल क्षेत्र में उच्च जलाशयों का काम शीघ्र शुरू करवाया जाए। उन्होंने कहा कि बल्क मीटर लगाने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों की पालना शीघ्र करवाई जाए।
उन्होंने अधिकारियों से फॉयसागर झील से नियमित जल सप्लाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि 15 मई तक जलापूर्ति शुरू की जाए। इस पर अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही यह काम शुरू हो जाएगा। इसी तरह शहर के परम्परागत जल स्त्रोत पुराने कुएं, बावड़ियों से जलापूर्ति के निर्देशों पर भी शीघ्र अमल शुरू किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जलदाय विभाग प्रति सप्ताह जोनवाइज पेयजल आपूर्ति की रिपोर्ट भेजे और आमजन को भी सप्लाई के समय से अवगत कराए। ग्राम लोहागल व माकड़वाली में भी पेयजल आपूर्ति सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने अमृत दो योजना के तहत भी कार्य तेज करने के निर्देश दिए।