*देवनानी के यही रहे तेवर, तो सीधे-सीधे चलेंगे अफसर*

-लोकसभा चुनाव की आचार संहिता खत्म होते ही फॉम में आए विधानसभा अध्यक्ष
-कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए पहले पुलिस महकमे के अधिकारियों को कसा
-फिर विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के जल्द समाधान के लिए बताया अपना विजन

प्रेम आनंदकर
👉लोकसभा चुनाव की आचार संहिता खत्म होने के बाद अजमेर उत्तर के विधायक व राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं या यूं कहें फॉम में आ गए हैं। देवनानी के यदि यही तेवर बरकरार रहे, तो कोई दोराय नहीं, अधिकारी सीधे-सीधे चलेंगे और विकास कार्यों को गति देने के साथ जनता की समस्याओं का समाधान भी जल्द से जल्द करेंगे। देवनानी ने दो दिवसीय प्रवास के दौरान अधिकारियों की बैठक लेकर अपने विजन और जनता के प्रति जवाबदेही के बारे में अच्छी तरह बता और समझा दिया है।
*ब्लैकमेलिंग कांड की पुनरावृत्ति ना हो, गश्त बढ़ाएं*
देवनानी ने जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई को हाल में सामने आए ब्लैकमेलिंग कांड जैसे अपराधों की रोकथाम के लिए सख्त पुलिसिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनचलों पर नकेल कसी जाए। चोरी, चेन स्नैचिंग, नशाखोरी व अवैध रूप से रहने वाले बांग्लादेशी व रोहिंग्याओं की रोकथाम के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग की जा। देवनानी ने कहा कि नौसर घाटी से लीला सेवड़ी, रीजनल चौपाटी, पाथवे और अन्य स्थानों पर नियमित गश्त कराई जाए। रात 10 बजे बाद थड़ियां और अवैध रेस्टोरेंट बंद करवाए जाएं। मनचलों और आपराधिक तत्वों पर नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि शहर में चोरी, चेन स्नैचिंग, जुआ-सट्टा आदि अपराध बढ़ रहे हैं। सभी थानों को प्रभावी मॉनिटरिंग और लगातार गश्त करने के लिए पाबंद किया जाए। अजमेर में अवैध रूप से रहने वाले बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं की शिकायतें निरंतर आती रहती हैं। ऐसे तत्व कुछ स्थान विशेष पर अपराधों में भी शामिल रहते हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर कड़ी कार्यवाही की जाए। दरगाह सम्पर्क सड़क पर अपराधों की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ाई जाए। ई-रिक्शा यातायात में बाधा बनते हैं, इसलिए इनका रूट निर्धारित किया जाए। ट्रैफिक लाइट से यातायात संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एक नया थाना और दो नई चौकी खोलने के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। कई स्थानों पर सट्टेबाजी की शिकायतें आ रही हैं। इनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही की जाए। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जाए।
*विकास कार्यों को गति दी जाए*
देवनानी ने अब अजमेर शहर के विकास को लेकर समीक्षा शुरू कर दी है। उन्होंने जिला प्रशासन को अजमेर उत्तर के पेराफेरी गांवों में आबादी विस्तार, पट्टा, रिंग रोड, खेल मैदान एवं सड़क सहित कई मुद्दों पर काम तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाबद्ध, समय से एवं निरंतर मॉनिटरिंग के साथ काम किया जाए तो जल्द ही अच्छे परिणाम आएंगे। देवनानी ने जिला कलक्टर, नगर निगम व अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्तों से कहा कि शहर से सटे हाथीखेड़ा, बोराज, काजीपुरा, लोहागल, माकड़वाली, अजयसर व खरेकड़ी गांवों में आबादी विस्तार व आवासीय पट्टे दिए जाने की शीघ्र कार्यवाही शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि शहर के विकास एवं सुगम आवागमन के लिए रिंग रोड की जरूरत है। इसका प्रस्ताव तैयार कर सक्षम स्तर पर भेजा जाए, ताकि काम जल्द शुरू कराया जा सके। देवनानी ने कहा कि अजमेर विकास प्राधिकरण की उपलब्ध भूमि का आकलन कर खेल मैदान, मल्टीपर्पज सभागार, नया विश्वविद्यालय एवं नए चिकित्सालय के लिए भूमि आरक्षित कर इनकी विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रोड के नीचे की सभी सड़कें तुरन्त दुरूस्त कराई जाए। हाउसिंग बोर्ड एवं एडीए की पुरानी आवासीय कॉलोनियां शीघ्र नगर निगम को हस्तांतरित की जाएं। अजमेर में आयुर्वेद निदेशालय, आयुर्वेद चिकित्सालय एवं रसायनशाला आदि संस्थाओं को मिलाकर राष्ट्रीय स्तर के आयुष संस्थान की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएं। देवनानी ने अजमेर विकास प्राधिकरण आयुक्त से स्वामी विवेकानंद स्मारक पर विवेकानंद जी की मूर्ति स्थापित कराने लिए प्रक्रिया तेज करने, पंचशील में नगर निगम के निर्माणाधीन भवन के पास नया बहुउद्देशीय ऑडिटोरियम बनवाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने, फॉयसागर रोड स्थित रावत नगर में पानी की टंकी बनवाने के लिए भूमि शीघ्र आवंटित और फॉयसागर झील के चारों ओर पाथवे या दीवार बनाने के प्रस्ताव व विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा। देवनानी ने नगर निगम आयुक्त को बांडी नदी से जलकुंभी की संपूर्ण सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि आनासागर झील तक जलकुंभी की आवक को रोका जा सके। उन्होंने चौपाटी के आसपास नो वेंडिंग जोन में खड़े ठेलों के खिलाफ कार्यवाही करने, जलकुंभी हटाने के दौरान जगह-जगह से तोड़ी गई चौपाटी की दीवारों को जल्द ठीक कराने का निर्देश दिया। इसी तरह सागर विहार, वन विहार, मांगीलाल साहू का कुआं, अपना नगर एवं अन्य क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा। देवनानी ने बारिश से पूर्व सभी नालों की सम्पूर्ण सफाई और किंग एडवर्ड मेमोरियल यानी केईएम गैस्ट हाउस का नाम बदलने का प्रस्ताव बनाने, कच्ची बस्तियों और वार्डों में लंबित पट्टों का वितरण करने तथा सीवरेज लाइनों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए।
(यदि ब्लॉग पर आप अपनी कोई राय जाहिर करना या मार्गदर्शन देना चाहते हैं, तो मेरे मोबाइल व वाट्सएप्प नंबर-08302612247 पर संपर्क कर सकते हैं। आप मेरे फेसबुक पेज, ’’मेरा संवाद’’ यू ट्यूब चैनल और वाट्सएप्प चैनल से भी जुड़ सकते हैं।)

✍️प्रेम आनन्दकर, अजमेर।
📱08302612247

error: Content is protected !!