मनरेगा में बदलाव के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी आंदोलन

काम के अधिकार पर हमला बर्दाश्त नहीं – डूडी

अजमेर, 10 जनवरी 2026|
मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा शनिवार से देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत कर दी गई है। इसी क्रम में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत काम के अधिकार की रक्षा के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत सर्किट हाउस, अजमेर में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संगठन प्रभारी श्री चेतन डूडी जी एवं अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल जी ने संबोधित किया। इस अवसर पर आरटीसी के पूर्व अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र राठौड़ एवं पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने भी अपने विचार रखे।

चेतन डूडी ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा जैसी ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजना में ऐसे बदलाव करने जा रही है, जो न केवल मजदूर विरोधी हैं बल्कि संविधान की संघीय भावना के भी खिलाफ हैं। मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने का प्रस्ताव अपमानजनक है और यह उनके विचारों तथा गरीबों के अधिकारों पर आधारित इस योजना की मूल आत्मा पर सीधा हमला है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा को मांग आधारित योजना से हटाकर आपूर्ति आधारित ढांचे में बदलना चाहती है, जिससे मजदूरों का काम पाने का कानूनी अधिकार समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही राज्यों पर वित्तीय बोझ बढ़ाकर केंद्र सरकार पूर्ण नियंत्रण थोपने का प्रयास कर रही है, जो संघीय ढांचे को कमजोर करने की साजिश है।

डूडी ने कहा कि कि मनरेगा के बजट में कटौती, मजदूरी भुगतान में देरी और राज्यों की हिस्सेदारी बढ़ाना राज्य सरकारों के लिए नुकसानदायक है तथा इससे ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन की प्रक्रिया प्रभावित होगी। यह कदम न केवल राज्य सरकारों की वित्तीय क्षमता पर हमला है, बल्कि ग्रामीण मजदूरों के काम और सम्मानजनक जीवन के अधिकार पर भी सीधा प्रहार है।

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ राजकुमार जयपाल ने बताया कि ग्राम सभाओं की भूमिका को कमजोर किया जा रहा है और स्थानीय जरूरतों के अनुसार काम तय करने के अधिकार छीने जा रहे हैं। इससे ग्रामीण स्वशासन और लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण की भावना को गहरी चोट पहुंच रही है।
आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने बताया कि मनरेगा में किसी भी प्रकार का नाम परिवर्तन, महात्मा गांधी का नाम हटाने, योजना की प्रकृति बदलने और राज्यों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डालने के प्रयासों का कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करेगी। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत गांव-गांव और शहर-शहर जाकर जनता को जागरूक किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो सड़क से सदन तक संघर्ष किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि योजना के लागू होने वाले क्षेत्र और मजदूरी के पैमाने पर केंद्र का हस्तक्षेप गंभीर परिणाम ला सकता है l

पूर्व विधायक डॉक्टर श्रीगोपाल बाहेती ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी गरीब, मजदूर, किसान और ग्रामीण भारत के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मनरेगा को कमजोर करने, संघीय ढांचे को नुकसान पहुंचाने तथा काम के अधिकार को छीनने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

प्रेस वार्ता में आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, पूर्व विधायक डॉ श्रीगोपाल बाहेती, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी कोली, विधानसभा प्रत्याशी महेंद्र सिंह रलावता, महेन्द्र चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल, चंदन सिंह, ईश्वर टहलयानी, लक्ष्मी बुंदेल, संजीव खींची, सुमित मित्तल, कमल वर्मा, चन्द्रेश सुनिया, विकास चौहान, आरिफ खान, अंकित घारू, महेन्द्र जोधा, गणेश चौहान, हेमंत जोधा, मनीष सेन, शमसुद्दीन, जगदीश सुनारीवाल, ईश्वर राजोरिया उपस्थित रहे l

कमल वर्मा
प्रवक्ता
शहर जिला कांग्रेस कमेटी, अजमेर

error: Content is protected !!