प्राचार्य ने दिलाई युवा मतदाता छात्राओं को शपथ, परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की ।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या पी.जी. महाविद्यालय में ईएलसी व राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में प्री. एन वी डी कार्यक्रम के तहत 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं मतदान के महत्व को लेकर सामूहिक जागरूक परिचर्चा का आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं ने जागरूक मतदान, मतदान का महत्व, सूचित व शुचित मतदान, मेरा भारत-मेरा वोट आदि बिंदुओं पर स्वतंत्र रूप से अपने विचार व्यक्त किए और स्लोगन अभिव्यक्ति के माध्यम से लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी आस्था प्रकट की ।
महाविद्यालय प्राचार्य डाॅ. आर.सी. लोढ़ा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि मतदाता किसी भी लोकतांत्रिक राष्ट्र के मजबूत स्तंभ होते है । समाज और राष्ट्र के विकास में उनकी भूमिका अतुलनीय होती है। भारत के लोकतंत्र को दुनिया के सबसे बड़े, जीवंत और स्थिर लोकतंत्र के रूप में सम्मान दिया जाता है । निर्वाचन आयोग के प्रयासों ने लोकतंत्र को मजबूत किया है ।
ईएलसी प्रभारी राजकुमारी कुमावत ने युवा मतदाता छात्राओं को निष्पक्ष व निर्भीक मतदान करने व लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जागरूक होकर सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने छात्राओं से राष्ट्र निर्माण में मतदान के द्वारा सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया ।
इसी क्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी प्रीति शर्मा के नेतृत्व में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राष्ट्र गीत का सामूहिक गायन किया गया । अंत में सभी छात्राओं व संकाय सदस्यों को मतदाता शपथ दिलवाई गई । कार्यक्रम में समस्त संकाय सदस्य, कर्मचारीगण एवं छात्राएं उपस्थित रही ।